![]()
शेखपुरा में जिला पदाधिकारी शेखर आनंद ने शनिवार को एक समीक्षा बैठक की। यह बैठक 2 अगस्त को प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए जाने वाले ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन और तैयारियों को लेकर बुलाई गई थी। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर करना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ जिले के सभी प्रमुख स्कूल और कॉलेजों के प्राचार्यों सहित शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। इस दौरान बिहार सरकार के मुख्य सचिव द्वारा जारी पत्र के आलोक में अभियान की रूपरेखा और दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। ऑनलाइन शपथ भी सुनिश्चित की जाएगी जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि 2 अगस्त को प्रधानमंत्री के शुभारंभ कार्यक्रम से इंजीनियरिंग कॉलेज, शेखपुरा में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। यह कार्यक्रम जिला स्तर पर एनआईसी द्वारा उपलब्ध कराए गए लिंक के माध्यम से सीधा प्रसारित होगा। जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों जैसे महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, नेहरू युवा केंद्र, एनएसएस, एनसीसी और जीविका समूहों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी और ‘माई भारत पोर्टल’ पर उनका पंजीकरण कराकर ऑनलाइन शपथ भी सुनिश्चित की जाएगी। पंचायत और नगर निकायों की मदद ली जाएगी यह अभियान केवल एक दिन का नहीं होगा, बल्कि आगामी दो वर्षों तक प्रत्येक रविवार को निरंतर संचालित किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तर पर एक मजबूत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। ‘मेरा युवा भारत’ के जिला युवा पदाधिकारी को इस अभियान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सोशल मीडिया, स्थानीय मीडिया, पंचायत और नगर निकायों की मदद ली जाएगी। जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों और स्कूल-कॉलेजों के प्राचार्यों को आपसी समन्वय बनाकर अधिकतम युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अनुशासित, स्वस्थ और राष्ट्र-निर्माण उन्मुख जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना ही इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है।
Source link
PM 2 अगस्त को नशामुक्ति अभियान शुरू करेंगे:शेखपुरा DM ने इफेक्टिव इम्प्लीमेंटेशन के लिए ऑफिसर्स को निर्देश दिए
