Headlines

Punjab chandigarh news: Pargat Singh Takes Charge । Martyr Bhagat Singh


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर कांग्रेस के नए प्रधान से जुड़ी रही। परगट सिंह ने पदभार ग्रहण किया। इस समारोह में कांग्रेस के सभी बड़े नेता एक मंच पर पहुंचे।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. परगट की ताजपोशी में पंजाब कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी और नेतृत्व को लेकर लंबे समय से चल रही खींचतान के बीच रविवार (11 अक्टूबर) को पार्टी ने एकजुटता दिखाने की कोशिश की। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह के पदभार ग्रहण समारोह में कांग्रेस के लगभग सभी बड़े नेता एक मंच पर पहुंचे।

चंडीगढ़ के सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व CM चरणजीत सिंह चन्नी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा मौजूद रहे।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष पद पर परगट सिंह की नियुक्ति के बाद इस समारोह को पार्टी के भीतर एकजुटता का संदेश देने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ समय से नेतृत्व में बदलाव, संगठन में जिम्मेदारियों के बंटवारे और वरिष्ठ नेताओं के बीच मतभेदों को लेकर चर्चाएं होती रही हैं।

ऐसे में पार्टी के प्रमुख नेताओं का एक मंच पर जुटना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस के सामने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की चुनौती है। समारोह के जरिए पार्टी ने यह संदेश देने की कोशिश की कि सभी वरिष्ठ नेता संगठन को मजबूत करने के लिए साथ हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

2. बारिश से सड़क धंसी, ऑटो-कार फंसी

पंजाब में रविवार सुबह अचानक मौसम बदल गया। जालंधर में सुबह 10 बजे अंधेरा छा गया और तेज आंधी के साथ बारिश हुई। लुधियाना और फरीदकोट में भी धूलभरी आंधी के साथ बारिश हुई।

इसके अलावा फाजिल्का, तरनतारन के पट्टी और पठानकोट में भी बारिश हुई। अबोहर में सड़क धंसने से कार फंस गई, जबकि फाजिल्का-फरीदकोट की अनाज मंडी में धान भीग गई। वहीं, चंडीगढ़ में आसमान पर आंशिक बादल छाए हुए हैं।

मौसम विभाग ने पंजाब के 8 जिलों बारिश का अटर्ल जारी किया है, जिसमें पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, रूपनगर, मोहाली, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला शामिल हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

3. गुरुद्वारे में पुलिस घुसी, केजरीवाल के खिलाफ शिकायत

दिल्ली के श्री बंगला साहिब गुरुद्वारे में पुलिस की कार्रवाई के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनके समर्थकों के खिलाफ दिल्ली पुलिस को शिकायत दी गई है।

गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी का आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी जबरन गुरुद्वारे में घुसे। उन्होंने परिसर में इंकलाब जिंदाबाद और जय भीम जैसी राजनीतिक नारेबाजी की।

इन प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई का वीडियो अरविंद केजरीवाल और उनके समर्थकों ने सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी को ही गलत बता दिया। कमेटी अध्यक्ष ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सिलेक्टिव और गलत जानकारी फैलाने के मामले में कार्रवाई होनी चाहिए। इस मामले में पंजाब CM भगवंत मान समेत कई नेताओं ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

4. दिलजीत दोसांझ ने बदली दिल्ली कॉन्सर्ट की डेट

पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर’ के दिल्ली कॉन्सर्ट की तारीख बदल दी गई है। पहले यह शो 1 नवंबर को होना था, लेकिन पंजाबी प्रमोशन काउंसिल की अपील के बाद अब इसे 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। दिलजीत ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी।

तारीख बदलने की अपील 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़ी संवेदनशीलता को ॅ1देखते हुए की गई। पंजाबी प्रमोशन काउंसिल के अध्यक्ष जसवंत सिंह ने दिलजीत और उनकी टीम को पत्र लिखकर कॉन्सर्ट की तारीख बदलने की अपील की थी।

काउंसिल ने अपने पत्र में कहा था कि 1 नवंबर का दिन सिख समुदाय के कई परिवारों के लिए दर्दनाक यादों से जुड़ा है। 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सिख-विरोधी दंगे भड़के थे। इस इन दंगों की यादें आज भी पीड़ित परिवारों और सिख समुदाय के लिए संवेदनशील हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

5. शहीद भगत सिंह की फोटो वाली वोट बनाई

लुधियाना ईस्ट विधानसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की फोटो सामने आने का दावा किया गया है। बूथ नंबर-38 की मतदाता सूची में सीरियल नंबर-422 पर दर्ज अमन कुमार के नाम के सामने भगत सिंह की फोटो लगी है।

पूर्व विधायक और जिला कांग्रेस कमेटी (अर्बन) के प्रधान संजय तलवाड़ के मुताबिक, इसी बूथ पर 8 अन्य सीरियल नंबरों पर भी गलत फोटो हैं। उन्होंने लुधियाना ईस्ट के सभी 235 पोलिंग बूथों की वोटर लिस्ट की जांच कराने की मांग की है।

वहीं, इस मामले पर डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने कहा कि वह संबंधित इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) से मामले की जानकारी लेंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि इससे पहले नवंबर 2025 में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा की मतदाता सूची में एक ब्राजीलियाई मॉडल की फोटो अलग-अलग नामों से 10 बूथों पर 22 बार इस्तेमाल होने का दावा किया था। बाद में कुछ मतदाताओं ने स्पष्ट किया कि उनके नाम और वोटर कार्ड असली थे, लेकिन मतदाता सूची में उनकी जगह किसी और की फोटो छप गई थी। (पढ़ें पूरी खबर)

6. 11 महीने की बच्ची से रेप, आरोपी गिरफ्तार

लुधियाना में 35 साल के व्यक्ति ने 11 महीने की बच्ची के साथ रेप किया। बच्ची की मां उसे झुग्गी में सुलाकर बाहर काम कर रही थी। इसी दौरान बच्ची रोने लगी। मां अंदर पहुंची तो आरोपी झुग्गी से घबराहट में बाहर निकलता दिखाई दिया।

इसके बाद उसने परिवार के लोगों को बुलाया और बच्ची की हालत देखकर वह परेशान हुए। इसके बाद उन्होंने थाने जाकर पुलिस को शिकायत दी। ढहलो थाना के जांच अधिकारी गुरमीत सिंह ने बताया की पुलिस ने मामले में FIR नंबर 222 दर्ज की है।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी को पकड़ लिया है और कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।

7. डॉक्टर नहीं मिली, गर्भवती महिला और बच्चे की मौत

लुधियाना के खन्ना सिविल अस्पताल में 7 महीने की गर्भवती महिला को समय पर इलाज नहीं मिल सका। महिला की हालत बिगड़ने पर उसे पटियाला रेफर किया गया। जहां महिला की मौत हो गई। उसके गर्भ में पल रहे 7 महीने के बच्चे को भी नहीं बचाया जा सका।

मृतका की पहचान 22 वर्षीय बेवी के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की रहने वाली थी और परिवार के साथ खन्ना में झुग्गियों में रहती थी। शनिवार देर रात तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे।

परिजनों के मुताबिक उस समय कोई गायनेकोलॉजिस्ट (स्त्री रोग विशेषज्ञ) उपलब्ध नहीं थीं। जब तक डॉक्टर अस्पताल पहुंचीं, तब तक महिला की हाल बिगड़ चुकी थी। उसे पटियाला रेफर कर दिया गया। लेकिन यहां उसने दम तोड़ दिया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर के मुताबिक, महिला का ऑक्सीजन लेवल काफी कम था। (पढ़ें पूरी खबर)

8. बीमार मां से मिलने गांव नहीं पहुंच सका हवारा

बीमार मां से मिलने की आस लगाए बैठे जगतार सिंह हवारा को फिलहाल राहत नहीं मिली है। हवारा पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहा है। हवारा की बीमार मां से मिलने के लिए दायर पैरोल याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई 28 अक्टूबर तक टल गई है। ऐसे में हवारा के अपने पैतृक गांव पहुंचकर मां से मिलने का इंतजार और बढ़ गया है।

हवारा दिल्ली की जेल में बंद हैं। वह फतेहगढ़ साहिब जिले के गांव हवारा का रहने वाला हैं। अपनी मां की खराब सेहत को देखते हुए उसने हाईकोर्ट में नई याचिका दायर की।परिवार और कौमी इंसाफ मोर्चा की अपील पर हवारा एक दिन की कस्टडी पैरोल पर मां से मिलने के लिए सहमत हुआ।

सूत्रों के अनुसार हवारा को दिल्ली से विमान के जरिए लुधियाना जिले के हलवारा एयरपोर्ट लाने की योजना थी। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच गाड़ियों के काफिले में पैतृक गांव हवारा ले जाया जाना था। (पढ़ें पूरी खबर)

9. दिवाली और छठ पर हवाई सफर महंगा

दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वालों को इस बार हवाई सफर के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। त्योहार नजदीक आते ही फ्लाइटों की मांग बढ़ने से किराए में बढ़ोतरी हुई है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से पटना और लखनऊ जाने वाली फ्लाइटों का किराया दोगुना तक हो गया है।

जिन यात्रियों को सामान्य दिनों में 5 से 6 हजार रुपए में टिकट मिल जाता था, उन्हें अब 15 हजार रुपए या इससे अधिक चुकाने पड़ रहे हैं। वहीं, पटना की फ्लाइट का किराया 24 हजार रुपए से ऊपर पहुंच गया है।

28 दिन पहले टिकट बुक करने वाले यात्रियों को भी पहले के मुकाबले काफी अधिक किराया देना पड़ रहा है। त्योहार नजदीक आने के साथ फ्लाइटों के फ्लेक्सी फेयर के कारण किराया और बढ़ने की आशंका है। इसका एक बड़ा कारण उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली नियमित व स्पेशल ट्रेनों में सीटों की कमी और लंबी वेटिंग भी है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके

10. चोर ने पुलिस पर चलाई गोली, खुद के पैर में लगी

पुलिस को देखकर बचने के लिए आरोपी ने गोली चलाई, लेकिन इस दौरान खुद ही अपनी गोली का शिकार हो गया। बठिंडा से चोरी की पिकअप बरामद करने पहुंची पुलिस और आरोपी के बीच फरीदकोट में मुठभेड़ हो गई। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, लेकिन गोली चलाते समय उसका संतुलन बिगड़ा और गोली उसके अपने पैर में जा लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पिकअप ड्राइवर भीष्म पितामह के अनुसार, शनिवार रात बठिंडा से गाड़ी चोरी होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई थी। पिकअप में GPS लगा था, जिससे उसकी लाइव लोकेशन मिल रही थी। ASI सुखदीप सिंह की अगुआई में बठिंडा पुलिस की टीम लोकेशन ट्रैक करते हुए फरीदकोट के तलवंडी रोड पहुंची। यहां चोरी की पिकअप खड़ी मिली।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी पिकअप को दूसरी कार से टो करके फरीदकोट लाए थे। पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए घेराबंदी की तो आरोपी रमन कुमार ने पिस्तौल से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, लेकिन गोली चलाते समय आरोपी के अपने पैर में गोली लग गई। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *