Headlines

Punjab Chandigarh Top news; GMADA ED raid | CM Mann | AAP protest


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर ED से जुड़ी रही। करीब 48 घंटे चली जांच के बाद रेड खत्म हो गई। ED टीमें 5 से 6 गाड़ियों में सवार होकर मोहाली स्थित GMADA के हेडक्वार्टर से निकलीं। वहीं इस मामले की हाईकोर्ट में सुनवाई हुई।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. हाईकोर्ट में सुनवाई से 1 घंटे पहले ED रेड खत्म

पंजाब और चंडीगढ़ में ED की रेड को लेकर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट में सरकार ने कहा कि 50 घंटे से ज्यादा समय तक तलाशी चलती रही। अधिकारियों को दफ्तरों में उधार के गद्दों पर सोना पड़ा। क्या यह लोकतांत्रिक ढांचा है? यह एक केंद्रीय एजेंसी बनाम राज्य का मामला है।

देर रात सरकार ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। हाईकोर्ट में सुनवाई से एक घंटे पहले पंजाब और चंडीगढ़ में ED की रेड खत्म हुई। करीब 50 घंटे बाद टीमें 5 से 6 गाड़ियों में सवार होकर मोहाली स्थित ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) के हेडक्वार्टर से निकल गईं। टीमें अपने साथ कई कागजात ले गई है।

हालांकि, इस रेड में अब तक टीम को क्या-क्या मिला, उसके बारे में ED अफसरों की ओर से अभी कोई सूचना नहीं दी गई है। (पढ़ें पूरी खबर)

2. बिट्‌टू के दावे पर मुंडियां बोले- मैं अमेरिका नहीं भागा

चंडीगढ़ में मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने ED की कार्रवाई और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के उन आरोपों पर पलटवार किया, जिसमें बिट्टू ने दावा किया था कि मुंडिया विदेश चले गए हैं। मुंडियां ने कहा कि वह चंडीगढ़ के सेक्टर-39 स्थित पार्टी ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं, अमेरिका में नहीं।

मुंडियां ने कहा कि बिट्टू से मैं कहना चाहूंगा कि लगता है उनकी टिकट कटने के बाद अब उन्होंने चंडीगढ़ रोड पर मेरे घर के पास ट्रैवल एजेंसी खोल ली है। वहां उन्होंने मेरी और मेरे भतीजे की टिकट बुक कर हमें अमेरिका भेज दिया। बिट्टू ने हमारे भतीजे को भांजा बताया, जबकि गुरप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस उनका भतीजा है।

गौरतलब है कि ED ने मंत्री के भतीजे प्रिंस के साहनेवाल स्थित घर पर तलाशी ली थी। यह कार्रवाई GMADA से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच का हिस्सा है। (पढ़ें पूरी खबर)

3. रिश्वतखोरी से तंग युवक ने थाने में जहर निगला

बरनाला में गुरुवार सुबह युवक ने पुलिस थाना में जहर निगल लिया। उसने पुलिस पर परेशान करने के आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी कार में आग लगने की शिकायत दर्ज करने के बदले रिश्वत मांगी गई। जहर निगलने से पहले उसने 3 मिनट का वीडियो बनाकर जारी किया।

जिसमें उसने CM भगवंत मान के गृहक्षेत्र धूरी के पटवारी पर भी 5 लाख रिश्वत लेने का आरोप लगाया। उसने कहा कि रिश्वतखोरी से तंग आकर वह सुसाइड कर रहा है। इस घटना के बाद युवक को गंभीर हालत में एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।

SSP मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि जहरीला पदार्थ खाने वाला युवक फिलहाल स्थिर है और बरनाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। उन्होंने कहा कि युवक ने दो मुद्दे उठाए हैं, जिनमें दो पुलिसकर्मियों और एक पटवारी पर आरोप लगाए गए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

4. ED रेड के खिलाफ AAP का प्रदर्शन, गाड़ियों के शीशे तोड़े, पत्थर मारे

पंजाब में 2 दिन चली ED की रेड से आम आदमी पार्टी (AAP) भड़क गई। AAP के वर्करों ने गुरुवार सुबह मोहाली स्थित ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) के ऑफिस के बाहर पहुंच गए। इस दौरान AAP वर्कर पुलिस का बैरिकेड तोड़ गमाडा कैंपस में घुस गए। इस दौरान पुलिस के साथ धक्कामुक्की हुई।

उन्होंने गमाडा ऑफिस में घुसकर ED टीम तक जाने की कोशिश की, लेकिन उनके साथ आए CRPF के जवानों ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद AAP समर्थकों ने खिड़कियों पर पत्थर भी मारे, जिससे कुछ शीशे टूटे हैं। वहीं गुस्साए AAP वर्करों ने ED टीम की गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और टायरों की हवा निकाल दी। (पढ़ें पूरी खबर)

5. सौतेले बेटे ने गली में दौड़ाकर मां की हत्या की

तरनतारन शहर में घरेलू झगड़े के बाद एक सौतेले बेटे ने अपनी मां की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर तरनतारन सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।

हरकमलप्रीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती रात उसके सौतेले भाई लवप्रीत सिंह का मां गुरप्रीत कौर से झगड़ा शुरू हो गया। झगड़े से बचने के लिए मां घर से बाहर गली में चली गईं।

लवप्रीत सिंह चाकू लेकर उनके पीछे गली में दौड़ता गया। वहां उसने तुरंत गुरप्रीत कौर पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। हरकमलप्रीत कौर तुरंत अपनी मां को सिविल अस्पताल, तरनतारन ले गईं, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। (पढ़ें पूरी खबर)

6. बर्खास्त AIG राजजीत का सरेंडर, 3 साल से फरार था

पंजाब के बर्खास्त AIG राजजीत सिंह ने गुरुवार (24 सितंबर) को पटियाला पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। वह करीब 3 साल से फरार था। उसके सरेंडर करते ही पुलिस ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

राजजीत सिंह के खिलाफ वर्ष 2019 में ड्रग तस्करी, जबरन वसूली और आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले दर्ज किए गए थे। इसके बाद से पुलिस को उसकी तलाश थी। अब पंजाब के DGP गौरव यादव ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

राजजीत सिंह को अप्रैल 2023 में सेवा से बर्खास्त किया गया था। इसके बाद से वह अंडरग्राउंड हो गया। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से गठित SIT की जांच में उसका नाम बर्खास्त इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह से जुड़े कथित ड्रग तस्करी और वसूली नेटवर्क में सामने आया था। (पढ़ें पूरी खबर)

7. ASI को गोली मारने वाला हिरासत से फरार

अमृतसर में ASI जसवंत सिंह को गोली मारने के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। आरोपी की पहचान गांव झंझोटी निवासी करण के रूप में हुई है। बुधवार रात पुलिस उसे हथियार बरामद करने के लिए मजीठा इलाके में लेकर पहुंची थी।

सूत्रों के मुताबिक मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने सीनियर कॉन्स्टेबल को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया। हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर पुलिस अधिकारी फिलहाल कुछ भी बताने से बच रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, 11 सितंबर की रात राजासांसी इलाके में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस लाइन में तैनात ASI जसवंत सिंह बाइक पर जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनका पीछा किया और उनके सिर पर गोली चला दी। (पढ़ें पूरी खबर)

8. पत्नी से परेशान पति ने किया सुसाइड

लुधियाना में युवक ने जहरीली चीज निगल कर आत्महत्या कर ली। उसने मरने से पहले वीडियो बनाया, जिसमें उसने पत्नी के साथ कजिन के साथ अवैध संबंध और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

वहीं, मृतक के भाई के मुताबिक शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के कुछ लोग पारिवारिक जिंदगी में दखल देते थे। कुछ समय से उसकी पत्नी अलग रह रही थी।

घटना से एक दिन पहले युवक बच्चों से मिलने गया था। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ और वह वापस हैबोवाल स्थित अपने किराए के कमरे पर लौट आया। परिजनों का कहना है कि इसके बाद उसने सुसाइड नोट लिखा, वीडियो बनाया और जहरीला पदार्थ निगल लिया। (पढ़ें पूरी खबर)

9. CM को जापान में हॉकी मैच देखने का न्योता

पंजाब के सीएम भगवंत मान को एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुकाबले देखने के लिए जापान जाने का निमंत्रण मिला है। हालांकि, प्रस्तावित जापान दौरे के लिए उन्हें अभी केंद्र सरकार की राजनीतिक मंजूरी का इंतजार है।

एशियन गेम्स में पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल 1 अक्टूबर और फाइनल 3 अक्टूबर को होने हैं। ऐसे में अनुमति मिलने पर सीएम को सेमीफाइनल से पहले जापान पहुंचना होगा। सूत्रों के मुताबिक, जापान यात्रा के लिए सीएम की ओर से राजनीतिक मंजूरी का आवेदन किया जा चुका है, लेकिन केंद्र ने अभी इस पर फैसला नहीं लिया है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. खेड़ी वाले बाबा ने पहली पत्नी को तीन तलाक दिया

संगरूर के रहने साले बाबा गुरविंदर सिंह खेड़ी वाले बाबा ने पहली पत्नी की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर वीडियो जारी कर जवाब दिया है। खेड़ी वाले बाबा ने कहा कि उन्होंने पहली पत्नी को तीन बार ‘तलाक’ कहकर तलाक दे दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि जल्द ही उनके घर में ‘छोटा खेड़ी वाला’ आने वाला है।

बाबा ने कहा कि उनकी इस वीडियो के बाद पूरे पंजाब को पता चल जाएगा कि गुरजीत कौर और उनके बीच असल मामला क्या है। उन्होंने कहा कि लोगों को यह नहीं पता कि उनके बीच वास्तव में किस बात को लेकर केस है और गुरजीत कौर लोगों को गुमराह कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि एक साल पहले उनकी ‘सरदारनी’ उनकी जिंदगी में आईं। उनके मुताबिक, उसी दिन से उन्होंने पहली पत्नी को अपने मन से ‘डिलीट’ कर दिया था। उनकी पहली शादी अरेंज मैरिज थी, जबकि दूसरी शादी उन्होंने लव मैरिज की। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *