स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वित्तमंत्री व रायगढ़ विधायक ओपी चैधरी ध्वजारोहण करेंगे
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में वित्तमंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी मुख्य अतिथि होंगे। वे सुबह 9 बजे शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में ध्वजारोहण करेंगे।
.
इसके बाद परेड की ओर से सलामी दी जाएगी। राष्ट्रगान के साथ मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। समारोह में अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे।कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट और उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों समेत अन्य लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

स्वतत्रंता दिवस कार्यक्रम को लेकर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक रूट चार्ट जारी किया
स्वतंत्रता दिवस को लेकर ट्रैफिक रूट प्लान जारी
मुख्य समारोह को देखते हुए यातायात पुलिस ने आम लोगों की सुविधा, यातायात व्यवस्था और अतिथियों व स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष ट्रैफिक रूट और पार्किंग प्लान तैयार किया है। समारोह स्थल मिनी स्टेडियम में ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके लिए आमजन, वीआईपी और स्कूल बसों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं।
VIP वाहनों के लिए अलग पार्किंग
VIP वाहनों के लिए अलग रूट और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। एसडीएम कार्यालय परिसर में P-1 वीआईपी पार्किंग बनाई गई है। कलेक्टर कार्यालय परिसर में P-2 प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधियों की पार्किंग रहेगी।
वहीं पुलिस कंट्रोल रूम के पास P-3 पुलिस कर्मचारियों की पार्किंग निर्धारित की गई है। आम लोगों के लिए केलो विहार तिराहा से निर्धारित रूट के जरिए ऑडिटोरियम पहुंचने और P-4 पार्किंग में वाहन खड़ा करने की व्यवस्था की गई है।
स्कूल बसों के लिए P-6 पार्किंग
स्कूल बसों के लिए भी अलग रूट तय किया गया है। बसें पंजरी प्लांट तिराहा से अंबेडकर चौक की ओर जाएंगी और दाएं मुड़कर जनपद पंचायत कार्यालय होते हुए केलो विहार तिराहा पहुंचेंगी।
यहां बच्चों को सुरक्षित उतारने के बाद स्कूल बसों को P-6 स्कूल बस पार्किंग में खड़ा किया जाएगा। इसके अलावा ऑडिटोरियम क्षेत्र के P-4 में भी स्कूल बसों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
स्कूली बच्चों को निर्धारित प्रवेश मार्ग से मिनी स्टेडियम परिसर में प्रवेश कराया जाएगा। वहीं मुख्य कार्यक्रम को देखते हुए मरीन ड्राइव पर अतिरिक्त पार्किंग के लिए P-5 बनाया गया है।
