राजस्थान में बुधवार को तापमान में गिरावट होने से गर्मी से राहत रही। पिलानी (झुंझुनूं), जैसलमेर, चूरू, श्रीगंगानगर समेत कई शहरों में तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरा। राज्य के सभी शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।
.
रात में भी तापमान कम होने से ठंडक रही। उदयपुर, भीलवाड़ा, सिरोही और नागौर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। यहां गुलाबी सर्दी रही। वहीं, जैसलमेर (37°C) से ज्यादा गर्म जयपुर (37.2°C) रहा।
मौसम विभाग ने 11 अक्टूबर से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से बीकानेर और जयपुर संभाग के जिलों में मौसम बदलने और कहीं-कहीं बादल छाने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर 11 और 12 अक्टूबर को बीकानेर, जयपुर संभाग के 6-7 जिलों में देखने को मिल सकता है। इसमें बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर का एरिया भी प्रभावित हो सकता है, जहां आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं।

पारा 40 डिग्री से नीचे आया, गर्मी से मामूली राहत
राज्य में बुधवार को सभी शहरों का मौसम ड्राई रहा। दिन में धूप रही और हल्की हवा चली। दिन में सबसे ज्यादा गर्मी पिलानी में रही, जहां अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चूरू में 38.7, फलोदी व टोंक में 38.6, बाड़मेर में 38.1, जोधपुर में 37.5, बीकानेर में 37.4, श्रीगंगानगर में 37.6, अलवर में 37.2 और भीलवाड़ा व जैसलमेर में 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
माउंट आबू में रात का पारा 14 डिग्री सेल्सियस
सबसे ज्यादा ठंडक हिल स्टेशन माउंट आबू में रही, जहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान 19.8, उदयपुर में 18.2, नागौर में 19.5, सिरोही में 16.2, फतेहपुर में 19.4 और पाली में 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। फलोदी को छोड़कर बाकी सभी शहरों का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
जयपुर में दिन में गर्मी बरकरार
जयपुर में दिन का तापमान बुधवार को 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो जैसलमेर से थोड़ा ज्यादा रहा। यहां दिनभर धूप रही और दोपहर में शहरी इलाकों में गर्मी रही। शाम होने के साथ तापमान में गिरावट हुई और गर्मी से राहत रही। यहां न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

अब आगे क्या?
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने आज से अगले 2 दिन राज्य में मौसम ड्राई रहने और धूप रहने की संभावना जताई है। हालांकि तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
दिन में अधिकांश शहरों का तापमान 30 से 40 डिग्री जबकि न्यूनतम 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने की संभावना है।
10 अक्टूबर से एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है। इससे राज्य के मौसम में बदलाव हो सकता है।
