Headlines

RCA चुनाव में नेता पुत्रों की लॉबिंग तेज:अध्यक्ष पद के लिए राठौड़ और खींवसर में घमासान,आज से नामांकन; जानें कौन-कौन है दौड़ में




राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) चुनाव का काउंटडाउन अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है। आज से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होते ही RCA में सत्ता के लिए जोड़-तोड़, लॉबिंग और बाड़ेबंदी का खेल भी तेज हो गया है। सबसे ज्यादा घमासान अध्यक्ष पद को लेकर है। इस पद के लिए भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं के बेटों के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। इनमें पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह प्रमुख दावेदार बताए जा रहे हैं। दोनों खेमे अध्यक्ष पद हासिल करने के लिए लगातार जिला क्रिकेट संघों के प्रतिनिधियों से संपर्क साध रहे हैं। अध्यक्ष पद की दौड़ यहीं खत्म नहीं होती। एडहॉक कमेटी के पूर्व कन्वीनर और भाजपा विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव भी इस रेस में हैं। वहीं पूर्व कन्वीनर दीनदयाल कुमावत भी अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं। यानी अध्यक्ष की कुर्सी के लिए फिलहाल 4 नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं, लेकिन चुनावी तस्वीर नामांकन दाखिल होने के बाद पूरी तरह साफ हो सकेगी। अध्यक्ष के बाद सचिव पद पर सबसे ज्यादा हलचल RCA के छह पदों में अध्यक्ष के बाद सचिव पद को सबसे ताकतवर पदों में माना जा रहा है। यही वजह है कि इस पद को लेकर भी कई दावेदार सक्रिय हो गए हैं। सचिव पद के लिए राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे आशीष तिवाड़ी, भाजपा नेता पिंकेश जैन और बृज किशोर उपाध्याय के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। इनके अलावा सोमेंद्र तिवारी और रतन सिंह भी सचिव पद के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। चुनावी समीकरणों में सबसे दिलचस्प बात यह है कि अध्यक्ष पद के समीकरण बदलने पर सचिव पद की पूरी तस्वीर भी बदल सकती है। यानी जो दावेदार अध्यक्ष की दौड़ से बाहर होगा, उसे दूसरे ताकतवर पद पर एडजस्ट करने का फॉर्मूला भी सामने आ सकता है। उपाध्यक्ष पद पर भी नेता पुत्रों की दावेदारी उपाध्यक्ष पद के लिए भी राजनीतिक रसूख वाले परिवारों से जुड़े नाम सामने आ रहे हैं। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बेटे पवन दिलावर और मंत्री ओटाराम देवासी के पुत्र विक्रम देवासी को इस पद का प्रमुख दावेदार बताया जा रहा है। हालांकि इस पद पर किसी जिला क्रिकेट संघ के सचिव को भी जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा। चुनावी समीकरण अगर अध्यक्ष और सचिव पद पर किसी एक खेमे के पक्ष में जाते हैं तो उपाध्यक्ष पद पर दूसरे खेमे को साधने का फॉर्मूला भी अपनाया जा सकता है। सचिव नहीं बने तो पिंकेश-आशीष की नजर कोषाध्यक्ष पद पर कोषाध्यक्ष पद को लेकर भी अंदरखाने जबरदस्त लॉबिंग चल रही है। अगर पिंकेश जैन या आशीष तिवाड़ी में से किसी एक को सचिव पद नहीं मिलता है तो दोनों में से किसी एक को कोषाध्यक्ष पद दिए जाने की चर्चा है। दोनों पूर्व एडहॉक कमेटी से जुड़े रहे हैं और भाजपा विचारधारा से नजदीकी रखने वाले नेताओं के रूप में देखे जाते हैं। इसके अलावा RSS से जुड़े रमेश अग्रवाल के बेटे क्षितिज अग्रवाल का नाम भी कोषाध्यक्ष पद के लिए प्रमुखता से लिया जा रहा है। कोषाध्यक्ष पद की दौड़ में सुशील जैन के नाम भी शामिल हैं। ऐसे में अध्यक्ष और सचिव पद का फैसला होने के बाद कोषाध्यक्ष पद के समीकरण सबसे तेजी से बदल सकते हैं। संयुक्त सचिव के लिए भी कई नाम संयुक्त सचिव पद के लिए गोविंद स्वरूप उपाध्याय, धर्मवीर सिंह शेखावत, सुशील जैन और मनोज चौधरी के नाम प्रमुख दावेदारों के रूप में सामने आए हैं। इस पद को लेकर भी जिला संघों के पदाधिकारियों से संपर्क का दौर शुरू हो चुका है। इसके अलावा मनोज शर्मा, मुकेश शाह और अभिषेक शर्मा के नाम भी अन्य प्रमुख पदों की दावेदारी में चर्चा में हैं। अगर अध्यक्ष, सचिव या कोषाध्यक्ष पद पर किसी बड़े राजनीतिक परिवार से जुड़े दावेदार को जगह मिलती है तो बाकी दावेदारों को दूसरे पदों पर समायोजित करने की संभावना चुनावी समीकरणों का अहम हिस्सा बन सकती है। सदस्य पद पर जिला संघों के सचिवों की दावेदारी RCA की 6 सदस्यीय कार्यकारिणी में 1 सदस्य का पद भी शामिल है। इस पद पर किसी जिला क्रिकेट संघ के सचिव को जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। इनमें देवाराम चौधरी और सतीश व्यास के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। जिला संघों के सचिवों की भूमिका इसलिए भी महत्वपूर्ण हो गई है, क्योंकि अंतिम वोटर लिस्ट में जिला संघों के सचिवों को ही मतदान का अधिकार मिला है। ऐसे में कार्यकारिणी में जिला संघों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास भी चुनावी समीकरणों का हिस्सा बन सकता है। नेता पुत्रों के मुकाबले 3 बड़े नाम भी रेस में अध्यक्ष पद की लड़ाई में केवल राजनीतिक परिवारों से जुड़े नाम ही नहीं हैं। उदयपुर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, डूंगरपुर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष गौरव वल्लभ और श्रीगंगानगर जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष जयदीप बिहानी भी अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में बताए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक इन तीनों की ओर से किसी जिला क्रिकेट संघ के स्तर पर व्यापक चुनावी संपर्क की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में अगर चुनावी समीकरणों में किसी ऐसे चेहरे को आगे लाने का फैसला होता है जो किसी नेता का पुत्र नहीं है, तो इन तीनों नामों पर भी निगाहें टिक सकती हैं। 38 वोटर तय, अब इन्हें साधने की कोशिश RCA चुनाव में अंतिम तौर पर 38 मतदाताओं को वोट देने का अधिकार मिला है। इनमें 34 जिला क्रिकेट संघों के सचिव, जयपुर और नागौर की एडहॉक कमेटियों के कन्वीनर और दो पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं। यही 38 वोटर 29 सितंबर को RCA की नई छह सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए मतदान करेंगे। इसलिए नामांकन शुरू होते ही असली खेल इन वोटरों को अपने पक्ष में करने का शुरू हो गया है। सूत्रों के अनुसार, अलग-अलग दावेदारों और उनके समर्थकों की ओर से जिला क्रिकेट संघों के सचिवों से संपर्क किया जा रहा है। किस खेमे के साथ कितने वोट हैं, कौन किसके संपर्क में है और किसे किस पद पर एडजस्ट किया जाएगा। इन्हीं सवालों के इर्द-गिर्द RCA की चुनावी राजनीति घूम रही है। अध्यक्ष तय हुआ तो बाकी पांच पदों का समीकरण भी साफ होगा RCA चुनाव में सबसे बड़ा सवाल अध्यक्ष पद को लेकर है। अगर किसी एक दावेदार के नाम पर सहमति बनती है तो उसके बाद दूसरे प्रमुख दावेदार को सचिव, कोषाध्यक्ष या उपाध्यक्ष पद पर एडजस्ट करने का फॉर्मूला सामने आ सकता है। इसी तरह अगर सचिव पद के लिए किसी एक नाम पर सहमति बनती है, तो दूसरे दावेदार को कोषाध्यक्ष या उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी देने की कोशिश हो सकती है। यानी RCA में छह पदों का चुनाव अलग-अलग नहीं, बल्कि एक-दूसरे से जुड़े समीकरणों के साथ लड़ा जा रहा है। नामांकन शुरू होने के साथ अब यह लॉबिंग और तेज होने की संभावना है। आने वाले दिनों में उम्मीदवारों के नामांकन, नाम वापसी और जिला संघों के वोटों के समीकरण से तस्वीर और साफ होगी। 29 सितंबर को 38 वोटर फैसला करेंगे कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की नई सरकार किसकी होगी। फिलहाल अध्यक्ष की कुर्सी के लिए पराक्रम राठौड़, धनंजय खींवसर, मोहित यादव और दीनदयाल कुमावत के नाम चर्चा में हैं, जबकि इनके सामने लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, गौरव वल्लभ और जयदीप बिहानी जैसे गैर-नेता पुत्र चेहरों की दावेदारी भी चुनाव को दिलचस्प बना रही है। — ये खबर भी पढ़ें… राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के 29 सितंबर को चुनाव:38 वोटर तय, सबसे ज्यादा 34 जिला क्रिकेट संघ सचिव; 6 पदों के लिए 98 पदाधिकारी मैदान में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के चुनाव 29 सितंबर को होंगे। अब 38 मतदाता RCA की छह सदस्यीय कार्यकारिणी का चुनाव करेंगे। जिला क्रिकेट संघों को लेकर चली आपत्तियों और सुनवाई के बाद मंगलवार को चुनाव अधिकारी ए.के. पांडे ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी। (पूरी खबर पढ़े)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *