28 मिनट पहलेलेखक: अदिति ओझा
- कॉपी लिंक

क्या करोड़पति बनने का तरीका सिर्फ ज्यादा पैसे कमाना है? जवाब है- नहीं। असली फर्क इस बात से पड़ता है कि कोई व्यक्ति अपने पैसों को कैसे मैनेज करता है। दुनिया के ज्यादातर सफल और संपन्न लोग कमाई के साथ बचत, निवेश और रिस्क मैनेजमेंट पर खास ध्यान देते हैं।
वे अपनी कमाई को पहले बचत और निवेश के लिए अलग करते हैं और इसके बाद खर्च की योजना बनाते हैं। नियमित SIP, लंबी अवधि के निवेश, इनकम के कई सोर्स तैयार करना और अनावश्यक कर्ज से बचना उनकी रेगुलर फाइनेंशियल हैबिट्स होती हैं।
यही वजह है कि लंबे समय तक उनकी संपत्ति बढ़ती रहती है। अगर आप भी अपनी फाइनेंशियल कंडीशन मजबूत करना चाहते हैं, तो करोड़पतियों के कुछ आसान, लेकिन असरदार मनी रूल्स अपनाकर शुरुआत कर सकते हैं।
इसलिए आज ‘आपका पैसा’ में समझेंगे कि पैसे बचाने और पैसे से पैसा बनाने का हुनर कैसे सीखें। साथ ही जानेंगे कि-
- अमीर और आम निवेशक की सोच में क्या फर्क होता है?
- करोड़पति पैसे को कैसे मैनेज करते हैं?
एक्सपर्ट- जितेंद्र सोलंकी, फाइनेंशियल एडवाइजर, गाजियाबाद
सवाल- क्या करोड़पति सिर्फ कमाई पर ध्यान देते हैं या पैसा भी बेहतर मैनेज करते हैं?
जवाब- करोड़पति पैसे कमाने के साथ उन्हें बेहतर ढंग से मैनेज भी करते हैं। मनी मैनेजमेंट पर फेमस किताब ‘रिच डैड पुअर डैड’ के लेखक रॉबर्ट टी. कियोसाकी के मुताबिक,
अमीर बनने के लिए सिर्फ ज्यादा पैसे कमाना ही नहीं, बल्कि सही फाइनेंशियल मैनेजमेंट भी जरूरी है।’

लगभग हर करोड़पति या अमीर शख्स इस बात को फॉलो करता है। करोड़पति अपना मनी मैनेजमेंट कैसे करते हैं, नीचे ग्राफिक में देखिए-

सवाल- करोड़पति और आम निवेशकों की सोच में सबसे बड़ा फर्क क्या होता है?
जवाब- करोड़पति पैसे को संपत्ति (एसेट) बनाने के साधन के रूप में देखते हैं। पहले निश्चित अमाउंट निवेश करते हैं, फिर खर्च करते हैं। वहीं आम निवेशक पहले पैसे खर्च करते हैं, इसके बाद बचे पैसे इन्वेस्ट करते हैं। सभी फर्क नीचे ग्राफिक में देखिए-

सवाल- करोड़पति बनने और करोड़पति बने रहने में क्या फर्क है?
जवाब- ये दोनों अलग-अलग बाते हैं। इसे ऐसे समझिए–
- करोड़पति बनने के लिए पैसे की बचत करें और सही इन्वेस्टमेंट करें। इन्वेस्टमेंट शुरू करने से पहले गोल जरूर बनाएं।
- करोड़पति बने रहने के लिए जरूरी है कि बेवजह खर्च से बचें। वेल्थ बढ़ाने के लिए सही और डाइवर्स इन्वेस्टमेंट करें। फाइनेंस की बेसिक जरूरतों से समझौता न करें।
सवाल- क्या सिर्फ ज्यादा आय होने से कोई अमीर बन सकता है?
जवाब- नहीं, सिर्फ ज्यादा इनकम काफी नहीं है। अमीर बनने के लिए यह समझ भी जरूरी है कि इनकम का कितना हिस्सा बचाकर निवेश करना है और कितना खर्च करना है, ताकि लंबे समय में पैसा बनाया जा सके।

सवाल- करोड़पति अपनी कमाई का कितना हिस्सा बचाते हैं?
जवाब- इसका कोई तय प्रतिशत नहीं है। लेकिन इसे ऐसे समझिए–
- ज्यादातर सेल्फ मेड करोड़पतियों में एक कॉमन पैटर्न दिखता है। वे अपनी इनकम का ज्यादा हिस्सा बचाते और निवेश करते हैं।
- ज्यादातर करोड़पति इनकम का 20-30% या उससे ज्यादा बचाते हैं।
- कुछ लोग 40-50% तक भी निवेश करते हैं।
- इनकम और रिस्क क्षमता के अनुसार यह प्रतिशत अलग हो सकता है।
सवाल- क्या करोड़पति लोग भी बजट बनाते हैं? अपने खर्चों को ट्रैक करते हैं?
जवाब- हां, करोड़पति बनने के लिए ये बेसिक बातें फॉलो करना बहुत जरूरी है। यह इसलिए जरूरी है, क्योंकि बजट बनाने में और खर्चों में छोटी सी गलती भी भविष्य में बड़े नुकसान की वजह बन सकती है।
सवाल- करोड़पति अपना पैसा कहां निवेश करते हैं?
जवाब- करोड़पति आमतौर पर पैसे को कई प्रकार के एसेट्स में बांटकर निवेश करते हैं। उनका गोल सिर्फ रिटर्न कमाना नहीं होता, बल्कि पैसे को सुरक्षित रखने के साथ उसे लगातार बढ़ाना होता है।
करोड़पति अपने पोर्टफोलियो का बड़ा हिस्सा शेयर्स में रखते हैं, क्योंकि लॉन्ग टर्म में इनसे अच्छा रिटर्न मिल सकता है। वे आमतौर पर इन जगहों पर इन्वेस्ट करते हैं-
- पर्सनल शेयर
- इंडेक्स फंड
- म्यूचुअल फंड
- रियल एस्टेट
- अपना बिजनेस
- बॉन्ड
सवाल- करोड़पति निवेश चुनते समय किन बातों पर ध्यान देते हैं?
जवाब- वे सिर्फ ये नहीं देखते कि कितना रिटर्न मिलेगा, वे रिस्क का आकलन भी करते हैं। साथ ही ये भी देखते हैं कि पैसा कितने समय के लिए कैश फ्लो में नहीं होगा और निवेश उनकी कंप्लीट स्ट्रेटेजी में कैसे फिट बैठेगा। करोड़पतियों के निवेश करने की आदतें ग्राफिक में देखिए-

सवाल- वे जोखिम को कैसे मैनेज करते हैं?
जवाब- वे रिस्क से बचने के लिए निवेश से पहले ही कुछ बातों का ध्यान रखते हैं, जैसेकि-
1. सारे पैसे एक जगह नहीं लगाते हैं।
2. अपनी क्षमता के अनुसार ही जोखिम लेते हैं।
3. कैश फ्लो के लिए लिक्विडिटी रखते हैं।
4. इमरजेंसी फंड रखते हैं।
5. कर्ज लेने से बचते हैं।
6. इश्योरेंस रखते हैं।
सवाल- क्या करोड़पति SIP करते हैं?
जवाब- हां, कई करोड़पति SIP करते हैं। हालांकि वे हमेशा इसे नियमित और अनुशासित निवेश के सिद्धांत की तरह देखते हैं।
सवाल- करोड़पति कंपाउंडिंग की ताकत का फायदा कैसे उठाते हैं?
जवाब- कंपाउंडिंग यानी ‘पैसे से पैसा कमाने की ताकत।’ इसमें लॉन्ग टर्म में बड़ा मुनाफा मिलता है। करोड़पति या अनुभवी इन्वेस्टर इसका ऐसे फायदा उठाते हैं-
- जल्दी शुरुआत करते हैं।
- नियमित निवेश करते हैं।
- मुनाफा दोबारा निवेश करते हैं।
- लंबे समय तक निवेश करते रहते हैं।
- अनावश्यक ट्रेडिंग से बचते हैं।
- आय बढ़ने पर निवेश बढ़ाते हैं।
सवाल- जल्दी निवेश शुरू करना क्यों जरूरी है?
जवाब- कंपाउंडिंग के ज्यादा लाभ के लिए ज्यादा समय चाहिए। जितना अधिक समय तक पैसा इन्वेस्टमेंट में रहेगा, उतना ही अधिक वह ‘रिटर्न पर रिटर्न’ कमाएगा।
सवाल- करोड़पति लॉन्ग टर्म निवेश पर इतना जोर क्यों देते हैं?
जवाब- अधिकांश बड़ी संपत्तियां एक-दो साल में नहीं, बल्कि दशकों की कंपाउंडिंग से बनती हैं। इसलिए करोड़पति लॉन्ग टर्म निवेश पर ज्यादा जोर देते हैं।
सवाल- करोड़पति सिर्फ एक सैलरी पर निर्भर क्यों नहीं रहते?
जवाब- मल्टीपल इनकम सोर्स होने पर फाइनेंशियल रिस्क कम हो जाता है। पैसा जल्दी बनता है और फाइनेंशियल इंडिपेंडेंस भी मिलती है। इसलिए करोड़पति सिर्फ एक सैलरी पर निर्भर नहीं रहते।
सवाल- उनके पास आमतौर पर कितने इनकम सोर्स होते हैं?
जवाब- पॉइंटर्स से समझिए-
- आमतौर पर करोड़पतियों के पास 2 से ज्यादा इनकम के सोर्स होते हैं।
- कुछ करोड़पति मुख्य रूप से 1-2 बड़े इनकम सोर्स से अमीर बनते हैं।
- कुछ के पास 3-5 या उससे अधिक इनकम सोर्स होते हैं।
सवाल- वे कितना इमरजेंसी फंड रखते हैं?
जवाब- करोड़पति आमतौर पर 6-12 महीने के खर्च के बराबर इमरजेंसी फंड रखते हैं। कई लोग 12-24 महीने तक का फंड भी रखते हैं। इसे ऐसी जगह रखा जाता है जहां से आसानी से निकाला जा सके और पूंजी पर ज्यादा रिस्क न हो।
सवाल- हेल्थ इंश्योरेंस और टर्म इंश्योरेंस को वे कितना महत्व देते हैं?
जवाब- करोड़पति निवेश से पहले पर्याप्त बीमा कवरेज पर ध्यान देते हैं। वे इन दोनों को फाइनेंशियल सेफ्टी की बुनियाद मानते हैं। क्योंकि-
- हेल्थ इंश्योरेंस बड़े मेडिकल खर्चों से बचाता है।
- टर्म इंश्योरेंस परिवार को आय के नुकसान से सुरक्षा देता है।
- सवाल- करोड़पति पैसे को लेकर क्या सोच रखते हैं?
- जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- अमीर लोगों के लिए पैसा संपत्ति बनाने का साधन होता है।
- इनकम का एक हिस्सा हमेशा निवेश करते हैं।
- फिजूल खर्च के बजाय लंबे समय में पैसा बनाने वाली चीजों पर ध्यान देते हैं।
सवाल- क्या करोड़पति फटाफट अमीर बनने वाली स्कीम्स से दूर रहते हैं?
जवाब- हां, ज्यादातर करोड़पति और सफल निवेशक पैसा जल्दी दोगुना या तिगुना करने के दावों से सतर्क रहते हैं। इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- वे समझते हैं कि ज्यादा रिटर्न के साथ आमतौर पर ज्यादा रिस्क भी जुड़ा होता है।
- वे जल्दबाजी में फैसले लेने की बजाय रिसर्च और योजना पर भरोसा करते हैं।
- उनका फोकस एक बड़े दांव पर नहीं, बल्कि लगातार और अनुशासित निवेश पर होता है।
सवाल- करोड़पतियों की कौन-सी आदतें हर व्यक्ति अपना सकता है?
जवाब- उनकी कुछ अच्छी फाइनेंशियल हैबिट्स लंबे समय में आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने में मदद कर सकती हैं। इसे ग्राफिक में देखिए-

सवाल- अगर आय सीमित है तो हेल्दी फाइनेंशियल आदतें कैसे विकसित करें?
जवाब- इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखें, जैसेकि-
- छोटे से अमाउंट से नियमित निवेश शुरू करें।
- बजट बनाकर खर्चों पर नियंत्रण रखें।
- पहले बचत, फिर खर्च का नियम अपनाएं।
- अनावश्यक कर्ज से बचें।
- इनकम बढ़ाने के अवसर तलाशते रहें।
नीचे ग्राफिक में दी ये गलतियां कभी न करें-

सवाल- अगर आज शुरुआत करनी हो तो कौन-से कदम उठाएं?
जवाब- इसे पॉइंटर्स से समझिए-
- अपने मासिक खर्च और इनकम का हिसाब बनाएं।
- 3-6 महीने का इमरजेंसी फंड बनाना शुरू करें।
- हेल्थ और टर्म इंश्योरेंस लें।
- नियमित SIP या अन्य निवेश शुरू करें।
- हर साल निवेश अमाउंट बढ़ाने का लक्ष्य रखें।
- निवेश लंबे समय तक जारी रखें।
************
ग्राफिक- विपुल शर्मा
…………………………
ये खबर भी पढ़ें…
आपका पैसा- टाइम पर EMI नहीं चुकाया तो क्या होगा:RBI ने रिकवरी रूल्स में किया बदलाव, जानिए अब बैंक आपके साथ क्या नहीं कर सकता

आजकल कोई भी लोन लेना पहले के मुकाबले आसान हो गया है। लेकिन किसी वजह से EMI मिस हो जाए या लोन डिफॉल्ट हो जाए, तो बैंक ग्राहक के खिलाफ क्या कार्रवाई कर सकता है। इसे लेकर लोगों के मन में अक्सर कई सवाल रहते हैं। पूरी खबर पढ़ें…

