![]()
सहरसा के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए अच्छी खबर है। आगामी 5 सितंबर (शनिवार) को जिला स्कूल, सहरसा के परिसर में एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया जा रहा है।
.
इसको लेकर कोशी प्रमंडल सहरसा के सहायक निदेशक अमित कुमार ने जानकारी दी। दरअसल, श्रम संसाधन विभाग के नियोजन एवं प्रशिक्षण निदेशालय (बिहार, पटना) के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस मेले में 5000 से अधिक रिक्तियों पर भर्ती की जाएगी।
सहायक निदेशक (नियोजन), कोशी प्रमंडल अमित कुमार ने बताया कि इस रोजगार मेले में देश व राज्य की 30 से अधिक नामी निजी क्षेत्र की कंपनियां शिरकत करेंगी और विभिन्न पदों के लिए युवाओं का चयन करेंगी।
रोजगार सेतु पोर्टल पर निबंधन अनिवार्य
नियोजन मेले में भाग लेने के इच्छुक शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों का श्रम संसाधन विभाग के ‘बिहार रोजगार सेतु पोर्टल’ (detjob.bihar.gov.in) पर जॉबसीकर (Job Seeker) के रूप में पंजीकृत होना जरूरी है। जो अभ्यर्थी पहले से पंजीकृत नहीं हैं, वे पोर्टल पर अपना निबंधन कराकर मेले में भाग ले सकते हैं।
सरकारी योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी
निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ मेले में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से युवाओं को बिहार सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों और कौशल विकास कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
