यमुनानगर के शिव नगर खड्डा कॉलोनी में गुरुवार रात हुई 56 वर्षीय महिला पुष्पा रानी की हत्या के मामले में अभी तक आरोपी गिरफ्त से बाहर है। अभी तक हत्या की वजह भी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घर के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
.
वहीं, घटनास्थल से खून के निशान लगी स्टील की पानी की बोतल मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि इसी बोतल से महिला के सिर पर हमला किया गया होगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला के सिर में मल्टीपल फ्रैक्चर और नाक की हड्डी टूटने की बात सामने आई है। इससे साफ है कि सिर और चेहरे पर जोरदार हमला किया गया था।
हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला की हत्या आखिर क्यों की गई। शुरुआती जांच में लूट की आशंका जताई गई थी, लेकिन घर की तलाशी के दौरान कोई सामान चोरी नहीं मिला। वहीं, परिजन भी किसी के साथ किसी प्रकार की रंजिश होने से साफ इनकार कर चुके हैं।

मृतका का बेटा दीपक, जिसने काम से घर लौटने पर मां का शव देखा था।
बेटे के ड्यूटी से लौटने पर खुला हत्या का राज
वारदात गुरुवार रात करीब 8 बजे सामने आई। पुष्पा रानी अपने छोटे बेटे दीपक के साथ शिव नगर खड्डा कॉलोनी स्थित घर में रहती थीं। उनके पति की कई साल पहले मौत हो चुकी है। बड़ा बेटा पवन अपनी पत्नी और बच्चों के साथ पास के ही मकान में रहता है। दीपक एक निजी कंपनी में नौकरी करता है।
गुरुवार रात दीपक ड्यूटी से घर लौटा तो मेन गेट खुला हुआ था। सामान्य तौर पर घर का गेट बंद रहता था, इसलिए उसे कुछ संदेह हुआ। उसने मां को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद वह घर के अंदर गया तो कमरे में पुष्पा रानी जमीन पर खून से लथपथ पड़ी मिलीं। दीपक ने मां को हिलाकर देखा, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं थी।
इसी दौरान उसकी बहन पूजा की फोन कॉल आई। पूजा अपनी मां से बात करना चाहती थी। उसने फोन उठाते ही कहा, “हैलो मम्मी…” लेकिन दूसरी तरफ से भाई दीपक की रोती हुई आवाज सुनाई दी। दीपक ने उसे बताया कि मां को किसी ने मार दिया है।
शव के पास मिली खून लगी स्टील की बोतल
जांच के दौरान पुलिस को महिला के शव के पास स्टील की पानी की बोतल पड़ी मिली। बोतल पर खून के निशान पाए गए हैं। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि हमलावर ने इसी बोतल को हथियार बनाकर महिला के सिर पर वार किया हो सकता है। हालांकि, पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है और फोरेंसिक जांच के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट होगी।

वारदात की रात घर के बाहर खड़े लोग।
न लूट, न रंजिश…फिर हत्या की वजह क्या?
शुरुआती जांच में महिला की हत्या के पीछे लूट की आशंका जताई जा रही थी। लेकिन वारदात के बाद घर की जांच की गई तो कोई सामान चोरी नहीं मिला। घर से नकदी, जेवर या अन्य सामान गायब होने की बात भी सामने नहीं आई है।
दूसरी तरफ, मृतका के परिजनों ने भी किसी के साथ किसी प्रकार की दुश्मनी या रंजिश होने से इनकार किया है। ऐसे में पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि महिला की हत्या किस वजह से की गई और हत्यारा कौन था।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
फिलहाल पुलिस घर और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात के समय घर के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे और कोई संदिग्ध व्यक्ति वहां से आता-जाता तो नहीं दिखा।
फर्कपुर थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की लगातार जांच कर रही है। CIA की टीम भी जांच में जुटी हुई है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
