![]()
अमृतसर में स्कूल जाने वाले बच्चों से भरे एक ऑटो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक बच्चा ऑटो के पिछले दरवाजे पर लटककर बैठा दिखाई दे रहा है। इस तरह की लापरवाही कभी भी बच्चे के लिए गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। वीडियो सामने आने के बाद ओवरलोड ऑटो और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। यह वीडियो RTI एक्टिविस्ट और शहीद भगत सिंह यूथ फ्रंट के चेयरमैन गुरमीत सिंह बब्बलू ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर अपलोड किया है। वीडियो में वह ओवरलोड ऑटो का विरोध करते नजर आ रहे हैं। वह ऑटो चालक से बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल कर रहे हैं और स्कूल प्रशासन व प्रशासन से भी जवाब मांग रहे हैं। गुरमीत सिंह बब्बलू चालक से पूछते है कि आखिर इतनी संख्या में बच्चों को ऑटो में क्यों बैठाया गया है और अगर रास्ते में किसी बच्चे के साथ कोई हादसा हो गया तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। इस दौरान ऑटो चालक अपनी सफाई देते हुए कहता है कि आज बड़ा ऑटो खराब था, इसलिए छोटा ऑटो लाया गया है।। हालांकि, ऑटो खराब होने और बच्चे के पीछे लटककर सफर करने के बीच क्या संबंध है, यह सवाल वीडियो में मौजूद लोग भी चालक से पूछते दिखाई देते हैं। इसके बाद मौके पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति भी चालक और बच्चों से सवाल-जवाब करता है। वह स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर नाराजगी जाहिर करता है। उसका कहना है कि अभिभावक बच्चों की पढ़ाई के लिए स्कूल की फीस भरते हैं, लेकिन अगर बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने के दौरान ही उनकी सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा जाएगा तो फिर इतनी महंगी फीस का क्या फायदा? वीडियो में व्यक्ति बच्चे से भी सवाल करता दिखाई देता है। बच्चा कुछ कहने की कोशिश करता है, लेकिन सवालों के बीच उसकी बोलती बंद हो जाती है। इसके बाद ऑटो के कागजात और नंबर की भी जानकारी ली जाती है। पूरा मामला कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वही, गुरमीत सिंह बब्बलू ने अपने इंस्टाग्राम कैप्शन में लिखा है कि CKD यानी चीफ खालसा दीवान पंजाब की एक प्रतिष्ठित संस्था है। छात्रों को सुरक्षित और उचित ट्रांसपोर्ट सुविधा मिलनी चाहिए, न कि परेशानी। बब्बलू ने CKD प्रबंधन से संबंधित ट्रांसपोर्टर या ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और छात्रों की सुरक्षा के लिए उचित इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने ADCP ट्रैफिक और अमृतसर के CP से भी उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
Source link
अमृतसर में ओवरलोड ऑटो में बच्चे का खतरनाक सफर:पीछे लटककर बैठा, चालक बोला-ऑटो खराब था, CP से कार्रवाई की मांग
