![]()
अमृतसर में जंडियाला गुरु गांव गुनोवाल में रिश्ते की बातचीत को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद हिंसा हो गई। इस दौरान ईंट-पत्थर चले, एक स्विफ्ट कार में तोड़फोड़ की गई और घरों पर भी पत्थर फेंके गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर 112 के जरिए पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पहले पक्ष की राजविंदर कौर ने आरोप लगाया कि रिश्ते को लेकर महिलाओं के बीच बातचीत हुई थी। बातचीत खत्म होने के बाद वे अपने घर लौट गए। इसके बाद दूसरे पक्ष के करीब 40 से 50 युवक उनके घर के बाहर पहुंचे और हंगामा करने लगे। आरोप है कि युवकों ने ईंट-पत्थर चलाए, स्विफ्ट कार को क्षतिग्रस्त किया और घर की छत पर भी पत्थर फेंके। राजविंदर कौर के अनुसार, पत्थर लगने से उनके पिता की नाक पर चोट आई। दूसरा पक्ष बोला- ये आरोप गलत है वहीं, दूसरे पक्ष की निधि ने इन आरोपों को गलत बताया। उन्होंने दावा किया कि उनके परिवार के एक सदस्य के साथ पहले मारपीट हुई थी, जिसके बाद युवकों के बीच विवाद बढ़ गया। मनप्रीत कौर ने कहा कि वह रिश्ते के संबंध में बातचीत करने गई थीं, लेकिन वहां विवाद हो गया। उन्होंने दावा किया कि उनके बेटे के साथ मारपीट की गई और सिर पर चोट लगने के बाद उसे अस्पताल ले जाना पड़ा। उन्होंने 40-50 स्कूली बच्चों को लाने के आरोप को भी नकार दिया। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। घायलों के इलाज की जानकारी ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
अमृतसर में रिश्ते की बातचीत पर दो पक्ष भिड़े:ईंट-पत्थर चले; कार में तोड़फोड़, घरों पर पथराव; दोनों पक्षों ने लगाए आरोप
