भरनो प्रखंड के करंज थाना क्षेत्र अंतर्गत करौंदाजोर पंचायत के अम्बेरा गांव में जंगली भालू के अचानक हुए हमले से एक 12 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशोर की पहचान अनीश उरांव पिता-खुदिया उरांव के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत और भय का माहौल बना हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय अनीश उरांव गांव के पास ही पहाड़ी क्षेत्र की ओर बकरियां चराने गया था। इसी दौरान पहाड़ की घनी झाड़ियों में छिपे एक आक्रामक जंगली भालू ने उस पर अचानक हमला कर दिया। भालू के इस अचानक और हमले में अनीश गंभीर रूप से जख्मी हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों और जंगलों में मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद भालू वहां से भाग निकला। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल किशोर को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में भालू के हमलों में तीन लोगों की जान जा चुकी है। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
Source link
करंज क्षेत्र में भालू के हमले से किशोर गंभीर रूप से घायल
