![]()
केंद्र सरकार की नीतियों और अमेरिका के साथ की गई कथित किसान विरोधी डील के खिलाफ वामपंथी संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी यानी सीपीआई-एम), स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और अन्य वामपंथी कार्यकर्ताओं ने ‘जेल चलो आंदोलन’ के तहत जिला कलेक्ट्रेट का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सामूहिक रूप से गिरफ्तारियां दीं। शिक्षक भवन से सभी कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुए। प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार की नीतियों और अमेरिका के साथ हुए समझौते के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचे। जैसे ही प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर पहुंचे, वहां का माहौल तनावपूर्ण हो गया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। बैरिकेड्स से नीचे उतारा कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा का जिम्मा डिप्टी एसपी गोपाल ढाका के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ते के पास था। पुलिस द्वारा लगाए गए सुरक्षा बैरिकेड्स को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश में SFI के पदाधिकारियों और वामपंथी नेता महिपाल पूनिया बैरिकेड्स पर चढ़ गए। स्थिति को बेकाबू होते देख पुलिस अधिकारियों और जवानों ने तत्परता दिखाई और बैरिकेड्स पर चढ़े नेताओं व कार्यकर्ताओं को खींचकर नीचे उतारा। ‘किसानों को पूरी तरह तबाह कर देंगे’ वामपंथी नेता महिपाल पूनिया ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका के साथ किए जा रहे समझौते देश के कृषि क्षेत्र और किसानों को पूरी तरह तबाह कर देंगे। उन्होंने कहा- हमारी मांग है कि अमेरिका के साथ इस जनविरोधी व किसान विरोधी समझौते को तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाए। इसी मांग के समर्थन में आज पूरे जिले के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं और ‘जेल चलो आंदोलन’ के तहत अपनी सामूहिक गिरफ्तारी दे रहे हैं। दो बसों में भरकर ले गई पुलिस कलेक्ट्रेट परिसर पर काफी देर तक चले हंगामे, प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल युवाओं और छात्र नेताओं को हिरासत में ले लिया। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर खड़ी पुलिस की दो बड़ी बसों में सभी गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को भरकर ले जाया गया।
Source link
अमेरिका से समझौते के विरोध में प्रदर्शन:कलेक्ट्रेट का घेराव कर सामूहिक गिरफ्तारी दी, बोले- किसानों को बर्बाद कर देगी सरकार
