![]()
जालंधर में मंगलवार को सेहत विभाग की टीम ने दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर कुल 4 क्विंटल सबस्टैंडर्ड पनीर जब्त किया है। सेहत विभाग के अधिकारी हरजिंदर पाल सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में जब्त पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट 2 दिन में आने की उम्मीद है। पहला मामला रामामंडी चौक के पास सामने आया, जहां सेहत विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पनीर लेकर जा रही एक गाड़ी को चेकिंग के लिए रोका। जांच के दौरान गाड़ी से करीब डेढ़ क्विंटल पनीर बरामद हुआ। इसे बठिंडा की एक डेयरी से खरीदकर आदमपुर और होशियारपुर की दुकानों में सप्लाई किया जाना था। अधिकारी ने बताया कि यह पनीर महज 240 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बेचा जा रहा था, जिससे इसकी क्वालिटी पर संदेह हुआ। वहीं, दूसरा एक्शन गोल्डन एवेन्यू इलाके में लिया गया, जहां एक मकान के बाहर गाड़ी से भारी मात्रा में पनीर उतारे जाने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर ढाई क्विंटल पनीर कब्जे में लिया। यह पनीर भी कम कीमत पर खरीदकर जालंधर शहर के विभिन्न रेस्टोरेंट और दुकानों में सप्लाई किया जाना था। मिलावट मिली तो सारा पनीर किया जाएगा नष्ट अधिकारी हरजिंदर पाल सिंह ने स्पष्ट किया कि यदि लैब रिपोर्ट में पनीर की क्वालिटी में कोई खामी या मिलावट पाई जाती है, तो पूरे 4 क्विंटल पनीर को नष्ट करवाकर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही शहर के ढाबों और रेस्टोरेंटों में सप्लाई होने वाले पनीर की भी सघन जांच की जाएगी। सेहत विभाग ने आम जनता से अपील की है कि त्योहारी सीजन में बहुत कम कीमत पर मिलने वाला घटिया क्वालिटी का पनीर न खरीदें, क्योंकि यह सेहत के लिए हानिकारक साबित हो सकता है।
Source link
जालंधर में 4 क्विंटल सबस्टैंडर्ड पनीर पकड़ा:गोल्डन एवेन्यू और रामामंडी चौक के पास गाड़ी रोकी, सैंपल लेकर लैब भेजे, रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई
