Headlines

आम आदमी क्लीनिकों में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू:कपूरथला में डॉक्टरों, फार्मासिस्टों ने OPD सेवाएं रोकीं; स्थायी समाधान की मांग




पंजाब सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘आम आदमी क्लीनिक’ में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। ‘आम आदमी क्लीनिक सांझा फ्रंट, पंजाब’ के आह्वान पर क्लीनिकों में कार्यरत डॉक्टर, फार्मासिस्ट और क्लीनिकल असिस्टेंट अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। राज्यभर के आम आदमी क्लीनिकों में ओपीडी सेवाएं बंद होने के कारण इलाज के लिए पहुंच रहे हजारों मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सांझा फ्रंट के नेताओं ने बताया कि वे लंबे समय से नौकरी की सुरक्षा, सम्मानजनक सेवा शर्तों और अपनी अन्य लंबित मांगों के समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल खोखले आश्वासन ही मिले। किसी भी मांग पर आज तक कोई ठोस निर्णय या आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया, जिससे नाराज होकर उन्हें हड़ताल का रास्ता चुनना पड़ा। स्वास्थ्य मंत्री को 8 से 10 बार सौंपा मांग-पत्र फ्रंट के प्रतिनिधियों के अनुसार, प्रदेश के सभी 23 जिलों के सिविल सर्जनों और स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक (पंजाब) को मांग-पत्र सौंपे जा चुके हैं। यही नहीं, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह को भी 8 से 10 बार व्यक्तिगत रूप से मिलकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। ‘जनता की असुविधा के लिए सरकार जिम्मेदार’ सांझा फ्रंट ने कहा कि आम आदमी क्लीनिक का स्टाफ लगातार दिन-रात मेहनत करके लाखों लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं दे रहा है, लेकिन अब कर्मचारियों के सब्र का बांध टूट चुका है। हड़ताल के दौरान मरीजों को होने वाली किसी भी असुविधा या नुकसान की पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार, स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग की होगी। मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन कर्मचारियों ने सरकार से तुरंत वार्ता की मेज पर आने और उनकी मांगों से संबंधित आधिकारिक अधिसूचना जारी करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों का स्थायी और लिखित समाधान नहीं निकाला जाता, तब तक यह अनिश्चितकालीन हड़ताल और आंदोलन पूरी मुस्तैदी से जारी रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *