बेनूर| ग्राम पंचायत बेनूर की आश्रम गली में बुनियादी सुविधाओं के अभाव के चलते स्थानीय निवासियों और आश्रम में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। आश्रम की ओर जाने वाली सड़क के किनारे स्ट्रीट लाइट नहीं होने से सूर्यास्त के बाद पूरी गली अंधेरे में डूब जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार आश्रम परिसर के भीतर लगी लाइटों की रोशनी दीवार के बाहर कुछ दूरी तक ही पहुंचती है। आश्रम से कुछ ही दूरी पर जंगल शुरू हो जाता है। ऐसे में अंधेरे के कारण जंगली जीवों के रिहायशी क्षेत्र की ओर आने का खतरा बना रहता है। बच्चों और इस रास्ते से रोजाना गुजरने वाले लोगों को हिंसक वन्यजीवों के हमले का डर रहता है। वहीं, सुनसान और अंधेरी गली में असामाजिक तत्वों के सक्रिय होने की आशंका भी स्थानीय लोगों ने जताई है। नागरिकों और समाजसेवियों का कहना है कि आश्रम में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से आश्रम गली में सड़क किनारे स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है, ताकि रात में आवागमन सुरक्षित हो सके।
Source link
आश्रम गली में अंधेरा, बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा पर सवाल
