![]()
सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में बड़ा बांगड़दा और नैनोद स्थित JNNURM मल्टियों की स्थिति बदहाल होती जा रही है। इमारतों में जगह-जगह मरम्मत की जरूरत है, वहीं कई मूलभूत सुविधाओं को लेकर रहवासी भी परेशान हैं। इन समस्याओं को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। अब मल्टियों की मरम्मत और अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर लहूजी शक्ति सेना मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अनिल साठे ने नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा है। साठे ने बताया कि इंदौर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 15, नया बसेरा-गांधी नगर क्षेत्र के अंतर्गत JNNURM परियोजना में बड़ा बांगड़दा और नैनोद मल्टियों का निर्माण किया गया है। बड़ा बांगड़दा में 1,012 और नैनोद में करीब 1,000 फ्लैट हैं। दोनों मल्टियों में कुल लगभग 2,012 फ्लैट हैं, जिनमें बड़ी संख्या में परिवार रह रहे हैं। नगर निगम के कर्मचारी भी रहते हैं साठे के मुताबिक, दोनों मल्टियों में 700 से ज्यादा नगर निगम के मस्टर कर्मचारी और 800 से अधिक रेगपिकर्स, कचरा संग्रहण व स्वच्छता कार्य से जुड़े कर्मचारी अपने परिवारों के साथ रहते हैं। ये कर्मचारी शहर की साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन खुद बदहाल आवासीय स्थिति में रहने को मजबूर हैं।
मरम्मत की है जरूरत साठे ने बताया कि बड़ा बांगड़दा मल्टियों की स्थिति ज्यादा खराब है। यहां कई जगह प्लास्टर उखड़ रहा है, दीवारों में दरारें हैं और सीढ़ियों की रेलिंग भी क्षतिग्रस्त है। इसके अलावा रंगाई-पुताई और अन्य जरूरी सिविल रिपेयरिंग कार्य की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को लेकर पहले भी नगर निगम और जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने नगर निगम कमिश्नर से मल्टियों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने और रहवासियों की मूलभूत समस्याओं का निराकरण करने की मांग की है।
Source link
इंदौर की JNNURM मल्टियों में उखड़ रहा प्लास्टर:दीवारों में दरारें, 2,012 फ्लैटों में रहते हैं परिवार; निगम से मरम्मत की मांग
