![]()
उदयपुर जिले के कुराबड़ थाना पुलिस ने अवैध खनन और खनिज के गैर-कानूनी परिवहन के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर फेल्सपार से भरे 7 बड़े ट्रोले जब्त किए। कुराबड़ थाना पुलिस की एक सप्ताह में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। थाना प्रभारी पवन सिंह की अगुवाई में खनन माफियाओं पर लगातार क्षेत्र में लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक इन सभी ट्रोलों में करीब 200 टन से भी ज्यादा फेल्सपार भरा हुआ था। थानाधिकारी पवन सिंह ने बताया कि सूचना मिली कि बिना किसी वैध अनुमति के भारी मात्रा में फेल्सपार खनिज का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने सूरों का गुड़ा क्षेत्र में प्री प्लान घेराबंदी की। फेल्सपार से भरे 7 ट्रोले जब्त रास्ते से गुजर रहे सात ट्रोलों को मौके पर ही रोक लिया। जब पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों से खनिज परिवहन के जरूरी दस्तावेज मांगे, तो जांच के दौरान कागजातों को लेकर भारी संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी 7 ट्रोले जब्त कर लिए और थाने ले गई। ट्रोलों में लदे खनिज की वास्तविक मात्रा और गुणवत्ता जांचने के लिए अब खनन विभाग की मदद ली जा रही है। खनन विभाग के अधिकारियों की रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपियों पर केस दर्ज किया जाएगा। 1 सप्ताह पहले भी कुराबड़ पुलिस ने कुराबड़- चोटिया रूट पर 2 अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर भी पकडे़ थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है कि यह फेल्सपार कहां से अवैध रूप से निकाला गया था और इसे कहां भेजा जा रहा था। पुलिस का मानना है कि जांच पूरी होने पर खनन माफिया से जुड़े एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है। इनपुट – नारायण मेघवाल।
Source link
उदयपुर में अवैध खनन पर दूसरी बड़ी कार्रवाई:पुलिस ने फेल्सपार से भरे 7 ट्रोले जब्त किए, 200 टन से ज्यादा खनिज की आशंका
