![]()
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट उपमंडल से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। भारी बारिश के कारण गगरेट-दौलतपुर मुख्य मार्ग पर स्थित मवा चलेट कोजवे पर जलस्तर काफी बढ़ गया था। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी थीं और लोग पानी कम होने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच, एक महिला ने स्कूटी से कोजवे पार करने का प्रयास किया, लेकिन बीच में पहुंचते ही तेज बहाव के कारण स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी के तेज प्रवाह में फंस गई। महिला को खतरे में देखकर मौके पर मौजूद एक साहसी युवक बिना अपनी जान की परवाह किए तुरंत उफनते पानी में कूद पड़ा। तेज बहाव के बीच काफी मशक्कत के बाद युवक ने महिला और उसकी स्कूटी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस बहादुरी से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। वहां मौजूद लोगों ने युवक के इस अदम्य साहस की जमकर सराहना की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हर साल बनता है खतरे का कारण, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा स्थानीय निवासियों का कहना है कि गगरेट-दौलतपुर मार्ग पर स्थित कोजवे और खड्ड बरसात के मौसम में हर साल हादसों को न्योता देते हैं। इससे पहले भी दियोली खड्ड समेत इस मार्ग पर कई वाहन तेज बहाव में फंस चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार होते हादसों के बावजूद अब तक प्रशासन और सरकार द्वारा इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। प्रशासन से की गई सुरक्षा व बैरिकेडिंग की मांग घटना के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बारिश के दौरान जब भी खड्डों या कोजवे पर जलस्तर बढ़े, तो तुरंत यातायात को रोक दिया जाए। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और वैकल्पिक मार्गों की उचित व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में किसी की जान जोखिम में न पड़े।
Source link
ऊना में उफनते मवा चलेट कोजवे पर फंसी स्कूटी सवार:जाबाज युवक बचाने को तेज बहाव में कूदा, महिला को सुरक्षित निकाला, सुरक्षा पर उठे सवाल
