Headlines

पाकुड़ के होटल में मालदा पुलिस की घेराबंदी:26 जिप सदस्यों को ले जाने पहुंची पुलिस, साथ जाने से इनकार पर बढ़ा विवाद




पश्चिम बंगाल के मालदा जिला परिषद के नवनिर्वाचित 26 सदस्य शुक्रवार देर रात पाकुड़ के एक होटल में ठहरे थे। इसी दौरान मालदा पुलिस ने होटल की घेराबंदी कर सदस्यों को अपने साथ ले जाने की कोशिश की। पुलिस के पहुंचते ही होटल में हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। जिप सदस्यों ने पुलिस पर मनमानी करने और दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए साथ जाने से इनकार कर दिया। सदस्यों का कहना था कि वे अपनी मर्जी से पाकुड़ आए हैं और किसी के दबाव में नहीं हैं। इसी दौरान पुलिस और जिप सदस्यों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति बिगड़ती देख नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर काफी सूझबूझ से मामला शांत कराया। इस दौरान कई स्थानीय कांग्रेस नेता भी होटल पहुंचे और पश्चिम बंगाल से आए जिप सदस्यों के पक्ष में आवाज उठाई। महिला सदस्यों से दुर्व्यवहार का आरोप जिप सदस्य सागरिका सरकार ने आरोप लगाया कि 6 अक्टूबर को मालदा जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होना है। इसी को लेकर सदस्यों पर पुलिस के माध्यम से दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने महिला सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया। हालांकि पुलिस की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सदस्यों का कहना था कि वे किसी के कहने पर नहीं, बल्कि अपनी इच्छा से होटल में ठहरे हैं। चुनाव से ठीक पहले मालदा के जिप सदस्यों के पाकुड़ पहुंचने और इसके बाद पुलिस के होटल पहुंचने से मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया है। होटल में देर रात तक पुलिस और जिप सदस्यों के बीच विवाद की स्थिति बनी रही। पत्नी को जबरन ले जाने की शिकायत पर पहुंची थी पुलिस बताया गया कि जिप सदस्य मंगली चौधरी के पति ने पुलिस में शिकायत की थी कि उनकी पत्नी को कुछ जिप सदस्य जबरन अपने साथ ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पाकुड़ के होटल तक पहुंची। हालांकि होटल पहुंचने के बाद पुलिस को सदस्यों को साथ ले जाने में सफलता नहीं मिली। मालदा जिला परिषद की कुल 43 सीटों में टीएमसी ने 34, कांग्रेस ने 5 और भाजपा ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की है। अब 6 अक्टूबर को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *