Headlines

कपूरथला में खेलां वतन पंजाब दियां-2026:10 लाख प्रतिभागियों को जोड़ने का लक्ष्य, 38 खेलों में ब्लॉक स्तर पर मुकाबले शुरू




कपूरथला में ‘खेलां वतन पंजाब दियां-2026’ के चौथे सीजन में जिले से अधिक से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए डीसी आकाश बांसल ने यूनिवर्सिटी, कॉलेज और स्कूल प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों से खेल विभाग के साथ मिलकर विद्यार्थियों और अन्य योग्य प्रतिभागियों को प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की। डीसी ने कहा कि प्रतियोगिताओं में रजिस्ट्रेशन बढ़ाना जरूरी है। खासकर 14 साल से लेकर 70 साल से अधिक उम्र के लोगों को खेलों से जोड़ने के लिए सभी विभागों और संस्थानों को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने स्कूल शिक्षा, ग्रामीण विकास एवं पंचायत और युवा सेवाएं विभागों से खिलाड़ियों, खेल क्लबों और टीमों का अधिक से अधिक पंजीकरण करवाने में सहयोग करने को कहा। सरकारी कर्मचारियों को भी अपनी पसंद के खेलों में भाग लेने और इस अभियान का सक्रिय दूत बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने बताया कि इस बार लड़के और लड़कियों के लिए ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर 9 आयु वर्गों में 38 खेल प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं। इनमें टेनिस बॉल क्रिकेट प्रदर्शनी खेल और चार पैरा-खेल भी शामिल हैं। विजेताओं को मिलेगा प्रमाण पत्र विजेताओं को ग्रेडेशन प्रमाण पत्र के साथ 12 करोड़ रुपए से अधिक की पुरस्कार राशि दी जाएगी। एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल और वॉलीबॉल सहित सात खेलों की ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं शुरू हो चुकी हैं, जो 18 सितंबर तक चलेंगी। जिला स्तरीय मुकाबले 20 से 30 सितंबर तक होंगे। सज्जन सिंह चीमा और एडवोकेट करमबीर सिंह चंदी ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 5 सितंबर को बठिंडा में चौथे सीजन का उद्घाटन किया था। इसका समापन 29 नवंबर को पटियाला में होगा। पिछले सीजन में करीब 5 लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जबकि इस बार 10 लाख प्रतिभागियों को जोड़ने का लक्ष्य है। इच्छुक प्रतिभागी प्रचार सामग्री पर दिए QR कोड को स्कैन कर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *