Headlines

कबाड़ी की दुकान पर 350 पुराने, 5 नए मीटर मिले:विद्युत विभाग ने की शिकायत, गुरुग्राम की प्राइवेट कंपनी पर FIR




शिवपुरी के पोहरी में पुराने सरकारी बिजली मीटर कबाड़ी की दुकान पर मिलने का मामला सामने आया है। शहर के गुना नाका औद्योगिक क्षेत्र की एक कबाड़ दुकान से करीब 350 पुराने बिजली मीटर और 5 नए स्मार्ट मीटर मिले हैं। विद्युत विभाग की शिकायत पर पुलिस ने मैसर्स अल्फनार पावर प्राइवेट लिमिटेड, गुरुग्राम के खिलाफ केस दर्ज किया है। पोहरी क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का काम अल्फनार पावर प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया था। विभाग के अनुसार, कंपनी को पुराने सरकारी मीटर निकालने के बाद उन्हें पोहरी वितरण केंद्र में जमा करना था। विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री उपेंद्र कुमार ने पुलिस को शिकायत दी है। कबाड़ दुकान पर मिले थे मीटर 19 अगस्त को विद्युत कर्मचारी रविकांत बोहरे से पुराने मीटरों की जानकारी मिली। इसके बाद वेस्ट जोन के प्रबंधक रविंद्र सिंह जैन गुना नाका औद्योगिक क्षेत्र स्थित महेंद्र खटीक की कबाड़ दुकान पर पहुंचे। वहां बड़ी संख्या में पुराने बिजली मीटर रखे मिले। मीटरों पर लगी पर्चियों से उनके पोहरी वितरण केंद्र से जुड़े होने की जानकारी मिली। इसके बाद उपसंभाग शिवपुरी ग्रामीण के प्रबंधक आशुतोष कुमार सिंह ने भी मौके पर जांच की। जांच में करीब 350 पुराने सरकारी मीटर और 5 नए स्मार्ट मीटर मिले। विभाग ने कंपनी पर लगाया आरोप विद्युत विभाग का आरोप है कि पुराने मीटर पोहरी वितरण केंद्र में जमा कराने के बजाय कबाड़ की दुकान तक पहुंचाए गए। विभाग ने इसे सरकारी सामान के गलत इस्तेमाल का मामला बताया है। विभाग ने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को आवेदन दिया। इसके साथ कंपनी को दिए गए काम के आदेश की सत्यापित प्रति और मिले मीटरों की तस्वीरें भी दी गईं। पुलिस ने आवेदन के आधार पर केस दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *