![]()
धर्मशाला में कांगड़ा एयरपोर्ट के पास एयरोसिटी बनाने की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए जुगेहड़, भदोट, बंडी खास और बंडी खुर्द में लगभग 65 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है। इस भूमि के अधिग्रहण पर करीब 122.32 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। यह राशि मौजूदा सर्किल रेट के आधार पर तय की गई है। राज्य मंत्रिमंडल ने 30 मई को कांगड़ा एयरपोर्ट के पास एयरोसिटी को एक योजनाबद्ध शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित करने की मंजूरी दी थी। इसके बाद कांगड़ा प्रशासन ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन भूमि अधिग्रहण अधिनियम-2013 के तहत काम कर रहा है। एयरोसिटी के विकास और निर्माण के लिए जिला प्रशासन ने कॉन्सेप्ट नोट और ड्राइंग तैयार कर ली है। इन्हें सैद्धांतिक मंजूरी के लिए राज्य सरकार को भेजा गया है। प्रस्तावित ड्राइंग पर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग से भी अनुमति ली जाएगी। इसके बाद परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा। जिला पर्यटन विकास अधिकारी और डिप्टी डायरेक्टर विनय धीमान ने बताया कि सरकार के निर्देश पर कांगड़ा एयरपोर्ट के आसपास एयरोसिटी विकसित करने का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि एयरोसिटी बनने से पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए मौके भी बनेंगे। पर्यटन विभाग पहले भी इस परियोजना को कांगड़ा के पर्यटन विकास के लिए अहम बता चुका है। जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया भी आखिरी चरण में कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए चल रही जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया भी आखिरी चरण में है। एयरपोर्ट के निर्माण और विस्तार से जुड़ी टेक्नो-इकोनॉमिक फीजिबिलिटी रिपोर्ट (TEFR) एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को भेजी जा चुकी है। डीपीआर को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की आपत्तियों का भी समाधान कर दिया गया है। कांगड़ा के पर्यटन, विमानन और कारोबारी विकास का नया केंद्र बनेगी एयरोसिटी ऐसे में कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के साथ उसके आसपास प्रस्तावित एयरोसिटी को लेकर भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। 65 हेक्टेयर में विकसित होने वाला यह प्लांड अर्बन एरिया भविष्य में कांगड़ा के पर्यटन, विमानन और कारोबारी विकास का नया केंद्र बन सकता है।
Source link
कांगड़ा एयरपोर्ट के पास 65 हेक्टेयर में बनेगी एयरोसिटी:₹122.32 करोड़ में होगा जमीन अधिग्रहण; जुगेहड़ समेत 4 गांवों में भूमि चिन्हित
