![]()
कांगड़ा मिनी सचिवालय के प्रवेश द्वार पर रेहड़ी-फड़ी के अतिक्रमण के कारण लगातार ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इससे मिनी सचिवालय के भीतर कार पार्किंग तक पहुंचने वाले वाहन चालकों के साथ-साथ गुप्तगंगा और टांडा मेडिकल कॉलेज जाने वाले लोगों और यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक ओर जहां प्रशासन ने गेट के एक तरफ शहर के सौंदर्यीकरण के लिए सेल्फी पॉइंट बनाकर तहसील चौक को आकर्षक बनाया है, वहीं दूसरी ओर बेतरतीब लगी रेहड़ियां और ऑटो इस सुंदरता पर ‘काले धब्बे’ का काम कर रहे हैं। मिनी सचिवालय के एग्जिट गेट के पास गुप्तगंगा रोड पर एक अवैध स्ट्रीट फूड मार्केट बन गई है। यहां यात्रियों के लिए लगाए गए बेंच भी गायब हो गए हैं, जिससे टांडा जाने वाले यात्रियों और रेहड़ी वालों के बीच अक्सर बहस होती रहती है। मिनी सचिवालय में एसडीएम और डीएसपी कार्यालय सहित कई अन्य अधिकारियों का रोजाना आवागमन रहता है, लेकिन अतिक्रमण हटाने के मामले में अधिकारी आंखें मूंदे हुए हैं। स्थानीय जनता ने मांग की है कि मिनी सचिवालय के बाहर से शीघ्र अतिक्रमण हटाया जाए और यात्रियों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था की जाए। शहर के बाजारों का भी हाल बेहाल शहर के नेहरू चौक में भी अतिक्रमण के कारण श्रावण अष्टमी मेलों के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि जब मिनी सचिवालय के बाहर ही अतिक्रमण का यह हाल है, तो शहर के बाजारों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस थाने के सामने सड़क पर सजी अवैध दुकानें और अतिक्रमण पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
Source link
कांगड़ा मिनी सचिवालय गेट पर अवैध कब्जे:ट्रैफिक जाम से पर्यटक-वाहन चालक परेशान; स्ट्रीट फूड मार्केट से बेंच भी गायब
