![]()
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद बाड़मेर जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार रात 8 बजे विजय मार्च निकाला। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में कैंडल लेकर गांधी चौक से रवाना हुए और अहिंसा सर्किल पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान और कांग्रेस पार्टी के समर्थन में नारे लगाए। बायतु विधायक हरीश चौधरी ने कहा कि आज देश के संविधान की जीत हुई है। यह भारत के युवाओं और छात्रों की जीत है। अहंकार हारा और संविधान जीता है। सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तो अभी शुरुआत है। आगे सरकार का अहंकार लगातार टूटता जाएगा। यह देश की छात्रशक्ति के आक्रोश और कांग्रेस पार्टी के संघर्ष का परिणाम है। शनिवार को बाड़मेर में जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विजय मार्च निकाला। जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह गोदारा के नेतृत्व में गांधी चौक से शुरू हुआ मार्च स्टेशन रोड होते हुए अहिंसा सर्किल पहुंचा। रैली में युवा, छात्र, महिलाएं और कांग्रेस कार्यकर्ता तिरंगे, पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ और छात्रों के समर्थन में नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को देशभर के छात्रों के लंबे संघर्ष और राहुल गांधी द्वारा उठाए गए मुद्दों की जीत बताया। सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कहा कि युवाओं की आवाज के सामने सरकार को आखिरकार झुकना पड़ा। जो लोग अहंकार में कहते थे कि “हमारे सिलेबस में इस्तीफा है ही नहीं, हमने इस्तीफा देना सीखा ही नहीं”, उन्हें देश के युवाओं ने लोकतंत्र की ताकत का एहसास करा दिया। सरकार को युवाओं के सामने झुककर उनकी मांगें माननी पड़ीं। कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री आवास के घेराव से लेकर गांधी स्मारक तक मार्च निकाला और संविधान की रक्षा के लिए प्रार्थना की। बायतु विधायक हरीश चौधरी ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा शुरुआत है। देश में शिक्षा प्रणाली में सुधार और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना युवाओं की मांग है। उन्होंने कहा कि युवाओं पर लाठीचार्ज करना देश के भविष्य को कुचलने और रौंदने की कोशिश थी, लेकिन युवाओं की एकता ने इसका जवाब दिया है। जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह गोदारा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पेपर लीक के बाद लगातार युवाओं की आवाज उठाई। कांग्रेस पार्टी लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करती रही। कांग्रेस नेता ठाकराराम माली ने कहा कि कांग्रेस हमेशा युवाओं के साथ खड़ी रही है और लगातार सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करती रही। उन्होंने इसे युवाओं की जीत बताया।
Source link
कांग्रेस MLA बोले- अहंकार हारा और संविधान जीता:सांसद ने कहा- यह शुरुआत; शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद निकाला विजय मार्च
