Headlines

कुमावत समाज का अल्टीमेटम, बोले-पार्षद नहीं मिले तो करेंगे महापंचायत:एसपी ऑफिस के बाहर धरना दिया; जीते हुए 9 पार्षद समाज को सौंपने की मांग




राजसमंद नगर परिषद के सभापति पद के चुनाव से पहले कुमावत समाज ने एकजुट होकर भाजपा के 9 कुमावत पार्षदों को राजसमंद लाने की मांग को लेकर शनिवार को एसपी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। कुमावत समाज के लोग एसपी ऑफिस पहुंचे और पुलिस प्रशासन से पार्षदों को राजसमंद लाने की मांग रखी। समाज के लोगों का कहना था कि नगर परिषद के 45 वार्डों में भाजपा के 27 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। इनमें 9 पार्षद कुमावत समाज से हैं। समाज का कहना है कि निकाय चुनाव में लंबे समय से कुमावत समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन अब तक समाज से कोई सभापति नहीं बना है। ऐसे में इस बार कुमावत समाज से सभापति बनाए जाने की मांग की जा रही है। प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाया गया। डीएसपी नेत्रपाल सिंह ने समाज के प्रतिनिधियों से चर्चा की। प्रतिनिधियों ने कहा कि पुलिस चाहे तो कुछ ही घंटों में पार्षदों की जानकारी जुटा सकती है। डीएसपी ने बताया कि 9 पार्षद कांकरोली और राजनगर थाना क्षेत्र से संबंधित हैं। दोनों थानों में रिपोर्ट प्राप्त हुई है और इस संबंध में जल्द कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी ने सुबह 9 बजे तक का समय मांगा। इसके बाद समाज के प्रतिनिधि कार्यालय से बाहर आए। कुमावत समाज के मंत्री सुंदर कुमावत ने कहा कि उनकी एक ही मांग है कि भाजपा से निर्वाचित समाज के 9 पार्षदों को समाज के सामने लाया जाए, ताकि सभापति पद को लेकर समाज अपनी भूमिका तय कर सके। उन्होंने कहा कि यदि सुबह 9 बजे तक प्रशासन पार्षदों को नहीं ढूंढ पाता है तो एसपी कार्यालय के बाहर महापंचायत की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *