![]()
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय का 19वां दीक्षांत समारोह आज आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष शंकरभाई चौधरी मुख्य अतिथि होंगे, जबकि सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रपौत्र अतुल धीरजलाल पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। रविवार को विश्वविद्यालय परिसर में दीक्षांत समारोह का अंतिम रिहर्सल हुआ। अपराह्न तीन बजे शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें 450 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विश्वविद्यालय के अनुसार अधिकांश विद्यार्थी और उनके अभिभावक परिसर पहुंच चुके हैं। समारोह में पतंजलि भारतीय आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान, हरिद्वार के साथ एक एमओयू भी होगा। इस पर आचार्य बालकृष्ण हस्ताक्षर करेंगे। 450 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि दीक्षांत समारोह में कुल 450 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 327 स्नातक, 65 स्नातकोत्तर और 58 पीएचडी शोधार्थी शामिल हैं। स्नातक स्तर पर बीएससी कृषि, बीएससी उद्यानिकी, कृषि अभियांत्रिकी, जैव प्रौद्योगिकी, फूड टेक्नोलॉजी, डेयरी टेक्नोलॉजी और बीवीएससी एंड एएच के विद्यार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी। मेधावियों को मिलेंगे स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विभिन्न संकायों के मेधावी विद्यार्थियों को कुलाधिपति, कुलपति, स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों से सम्मानित किया जाएगा। बीएससी कृषि में शिवम यादव, बीएससी उद्यानिकी में मान्या सिंह और बीवीएससी एंड एएच में आशुतोष शर्मा को प्रमुख स्वर्ण पदक मिलेंगे। इसके अलावा कृषि अभियांत्रिकी, जैव प्रौद्योगिकी, फूड टेक्नोलॉजी और शुगरकेन साइंस एंड टेक्नोलॉजी के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। जावित्री देवी, शशि पाल सिंह, प्रो. शमशेर और सरिता स्मृति स्वर्ण पदक भी प्रदान किए जाएंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान रिहर्सल के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए, जबकि प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। समारोह में बागपत की पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आंगनबाड़ी किट वितरित की जाएगी। साथ ही दीक्षोत्सव प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
Source link
कृषि विश्विद्यालय का 19वां दीक्षांत समारोह आज:450 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां, पतंजलि संस्थान से होगा एमओयू
