![]()
कैथल में पुलिस ने नशा तस्करी के अलग-अलग 2 मामलों में 2 आरोपियों को काबू कर लिया। उनके कब्जे से 21 किलो गांजा फूल पत्ती व 1 किलो 167 ग्राम अफीम बरामद हुई है। आरोपी इसे नशेड़ियों को बेचने के लिए ले जा रहे थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव रेवर जिला जींद निवासी टींकू व नौच निवासी प्रवीण के रूप में हुई है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना पहले मामले में सीआईए-1 कैथल की टीम अपराधों व नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए गांव बरटा बस अड्डा के पास मौजूद थी। वहां एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि गांव रेवर जिला जींद निवासी टींकू गांजा फूल पत्ती बेचने का काम करता है तथा मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव गलौली पंजाब की तरफ से गांजा फूल पत्ती लेकर गांव बरटा की तरफ आने वाला है। पुलिस ने गांव बरटा से गांव गलौली जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी करके वाहनों की निगरानी शुरू कर दी। कुछ समय बाद पंजाब की तरफ से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिसे पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा किया गया। मोटरसाइकिल राइडर पुलिस को देखकर वापस मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन मोटरसाइकिल बंद हो जाने के कारण पुलिस टीम द्वारा उसे काबू कर लिया गया। पूछताछ के दौरान संदिग्ध की पहचान गांव रेवर जिला जींद निवासी टींकू के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे में प्लास्टिक कट्टे से 21 किलो गांजा फूल पत्ती बरामद हुई। 1 किलो 167 ग्राम अफीम बरामद पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि दूसरे मामले में एंटी एक्सटॉर्शन सैल कैथल की टीम गांव क्योड़क में जसवंती रोड के पास मौजूद थी, तभी एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि गांव नौच निवासी एक व्यक्ति नहर पुल के पास अफीम लेकर किसी के इंतजार में खड़ा है। पुलिस टीम ने गांव नौच नहर पुल के पास पहुंचकर देखा कि सूचना के अनुसार हुलिया व कपड़े पहने एक व्यक्ति नहर पुल के पास खड़ा दिखाई दिया। वह पुलिस की गाड़ी को देखकर नहर के साथ लगती पटरी की ओर जाने लगा। उसे पुलिस टीम द्वारा काबू कर लिया गया। पूछताछ के दौरान संदिग्ध की पहचान नौच निवासी प्रवीण के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे में थैले से 1 किलो 167 ग्राम अफीम बरामद हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगामी कार्रवाई की जा रही है।
Source link
कैथल में पकड़ी एक किलो से ज्यादा अफीम:21 किलो गांजा भी बरामद, दो शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार
