Headlines

कोयल नदी में डूबने से चार किशोरों की मौत:पलामू में करमा पूजा विसर्जन के दौरान गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा, 5वें की तलाश जारी




पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया पतरिया गांव में बुधवार सुबह करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने के दौरान कोयल नदी में बड़ा हादसा हो गया। पूजा सामग्री लेकर नदी में उतरे पांच किशोर तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आकर डूब गए। हादसे में चार लड़कों की मौत हो गई। चार की बॉडी तत्काल बरामद कर ली गई, जबकि पांचवें किशोर के शव की तलाश जारी है। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू कराया। काफी प्रयास के बाद चार लड़कों के शव नदी से बाहर निकाले गए। हादसे की खबर फैलते ही नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। घटना के बाद पतरिया गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूजा सामग्री लेकर नदी में उतरे थे पांचों जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह पांचों लड़के करमा पूजा की सामग्री लेकर कोयल नदी पहुंचे थे। नदी किनारे से कुछ आगे बढ़ने के बाद वे गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। अचानक पानी का दबाव बढ़ने से पांचों लड़के संभल नहीं सके और देखते ही देखते नदी में डूब गए। उन्हें डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंचे और बचाव की कोशिश शुरू की। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे वाली जगह पर नदी की धारा काफी तेज है और पानी भी गहरा है। बताया जा रहा है कि लड़कों को नदी की गहराई और बहाव का अंदाजा नहीं था। ग्रामीणों ने अपने स्तर से नदी में उतरकर तलाश शुरू की और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद राहत और तलाश अभियान को आगे बढ़ाया गया। पांचवें की नहीं मिली बॉडी, गांव में मातम हादसे में मृतकों की पहचान बाबूलाल सिंह के बेटे नीतीश कुमार सिंह (18), पुरानी ठाकुर के बेटे अमित कुमार ठाकुर (22), संजय सिंह के बेटे राजा सिंह (12) और तिलकधारी पासवान के बेटे विशाल पासवान (16) के रूप में हुई है। वहीं, सुनील सिंह के बेटे हेमंत कुमार सिंह (8) की तलाश जारी है। चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने पहले चार लड़कों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की जानकारी जुटा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही और परिजन अपने बच्चों की तलाश को लेकर परेशान रहे। पांच परिवारों में मातम का माहौल है। घटना ने करमा पूजा की खुशियों को मातम में बदल दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *