![]()
कोरबा और बिलासपुर में चलती बसों में यात्रियों से सोने की चेन झपटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोरबा पुलिस ने गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें 7 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से 8 हजार रुपए भी बरामद किए हैं। मामला 2 अगस्त का है। बांकीमोंगरा के भगवान राम प्रधान अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ काम के सिलसिले में बिलासपुर गए थे। लौटते समय दोनों नेहरू चौक बिलासपुर से बस में सवार हुए। बस में भीड़ ज्यादा होने के कारण उन्हें सीट नहीं मिली और दोनों खड़े होकर सफर कर रहे थे। भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं ने गले से सोने की चेन झपटी महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में चढ़ीं। शनिचरी चौक रतनपुर के पास इन महिलाओं ने गीता प्रधान से जानबूझकर धक्का-मुक्की शुरू कर दी। भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और उनके गले से सोने की चेन निकाल ली। इसके बाद सभी महिलाएं बस से उतर गईं। रतनपुर पहुंचने पर जब बस खाली हुई तो गीता प्रधान ने देखा कि उनके गले से सोने की चेन गायब है। उन्होंने 11 अगस्त को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस टीम ने 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को पकड़ा पुलिस ने मामले की जांच करते हुए शनिचरी चौक रतनपुर और महामाया चौक बिलासपुर के CCTV फुटेज देखे। फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान कोनकोना और ठिहईभाठा, थाना बांगो क्षेत्र की रहने वाली के रूप में हुई। इसके बाद कोरबा पुलिस की मदद से पुलिस टीम ने कोनकोना में दबिश देकर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बस में धक्का-मुक्की कर चेन चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, चोरी की चेन गिरोह की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी, निवासी रामनगर, थाना कुसमी को 20 हजार रुपए में बेची गई थी। इसमें से 12 हजार रुपए खर्च हो चुके हैं और बाकी 8 हजार रुपए पुलिस ने आरोपियों से बरामद कर लिए हैं। फरार सुरतनी गिरी की तलाश जारी है। कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद आरोपियों को पकड़ा गया और उन्हें रतनपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
Source link
कोरबा में बसों में चेन चोरी करने वाला गिरोह पकड़ाया:गैंग में 7 महिलाएं शामिल, चलती बसों में यात्रियों को घेरकर चेन झपटते थे
