![]()
खगड़िया शहर में स्वतंत्रता दिवस से पूर्व ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत बुधवार को एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिलाधिकारी विक्रम विरकर के नेतृत्व में समाहरणालय परिसर से शुरू हुई इस यात्रा में हजारों लोगों ने भाग लिया, जिससे शहर की सड़कें देशभक्ति के रंग में रंग गईं। यात्रा की शुरुआत समाहरणालय परिसर में सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ गायन के साथ हुई। इसके बाद जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा को रवाना किया। यह यात्रा समाहरणालय से निकलकर विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए राजेंद्र चौक पहुंची। तिरंगा यात्रा से जुड़ी तस्वीरें देखिए… वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारे इस यात्रा में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी, चिकित्सक, मेडिकल के छात्र, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य, बुद्धिजीवी, प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी घनश्याम कुमार ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि यात्रा में समाज के हर वर्ग की सहभागिता लोगों के उत्साह और जागरूकता को दर्शाती है। जागरूकता तिरंगा रैली का आयोजन किया गया – DM इस आयोजन के दौरान पूरा खगड़िया शहर राष्ट्रभक्ति के माहौल में डूबा नजर आया। सड़कों पर लहराते तिरंगे और देशभक्ति के गीतों ने एक विशेष वातावरण निर्मित किया। हजारों लोगों की भागीदारी ने इस तिरंगा यात्रा को जिले के महत्वपूर्ण आयोजनों में से एक बना दिया। जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने कहा, “‘हर घर तिरंगा’ अभियान पूरे देश में बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इसी क्रम में खगड़िया जिला प्रशासन की ओर से स्कूली छात्रों, आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ मिलकर जागरूकता तिरंगा रैली का आयोजन किया गया है।” ”इसका उद्देश्य स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को स्मरण करना तथा हर घर तक तिरंगा पहुंचाने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।” “यह रैली समाहरणालय परिसर से निकलकर राजेंद्र चौक तक जाएगी। जिले के सभी अनुमंडलों, प्रखंडों और पंचायतों में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हमारी कोशिश है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचे और यह अभियान पूरी तरह सफल बने।”
Source link
खगड़िया में हर घर तिरंगा यात्रा, 1000 लोग हुए शामिल:समाहरणालय परिसर में वंदे मातरम् के साथ हुई कार्यक्रम की शुरुआत
