![]()
धार जिले के सरदारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेट हाईवे-35 सरदारपुर-भैंसोला मार्ग पर शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात मौलाना फाटे से कुछ दूरी पर एचपी पेट्रोल पंप के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। तीन भारी वाहन हादसे की चपेट में आ गए। हादसे में एक क्लीनर की मौत हो गई, जबकि चालक और परिचालक घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क किनारे खड़ा ट्राला करीब 30 फीट दूर तक घसीटा चला गया। तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक कंटेनर पुलिया के पास लटक गया। जानकारी के अनुसार स्टेट हाईवे-35 पर ट्राला क्रमांक RJ 09 GB 9665 सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान सरदारपुर की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रेलर क्रमांक MP 13 H 9459 ने खड़े ट्राले को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्राला करीब 30 फीट दूर जा खिसका। हादसे में ट्रेलर के क्लीनर महेश चौहान (25), निवासी उज्जैन की मौत हो गई। वहीं चालक लखन पिता दरियाव राजपूत (39), निवासी नागदा जंक्शन और परिचालक भेरूलाल पिता भंवरलाल (39), निवासी आलोट घायल हो गए। सामने से आ रहे ट्रेलर को बचाने में पुलिया से टकराया कंटेनर
हादसे के दौरान सामने से आ रहे एक अन्य ट्रेलर को बचाने के प्रयास में कंटेनर असंतुलित हो गया और पुलिया से टकराकर नीचे उतर गया। हादसे में तीनों भारी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। एक कंटेनर पुलिया के पास लटक गया, जिससे मौके पर भी खतरे की स्थिति बनी हुई है। हादसे के बाद भी मौके पर पड़े हैं क्षतिग्रस्त वाहन
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन अभी भी मौके पर पड़े हुए हैं। वाहनों को सड़क से नहीं हटाए जाने के कारण यहां से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों के लिए भी खतरा बना हुआ है। खासकर रात के समय दोबारा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जल्द हटाकर मार्ग को सुरक्षित करने की मांग की है। फिलहाल सरदारपुर पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
Source link
खड़े ट्राले में घुसा ट्रेलर, क्लीनर की मौत:दूसरे वाहन को बचाने में कंटेनर पुलिया से टकराया; तीन वाहन टकराए
