![]()
लुधियाना जिले के खन्ना में एक हादसे में डेढ़ साल के मासूम बच्चे की रजबाहे में डूबने से मौत हो गई। बच्चे की पहचान कार्तिक के रूप में हुई है। काफी देर तक परिवार और आसपास के लोगों को हादसे का पता ही नहीं चला। बच्चा पानी के तेज बहाव में करीब आधा किलोमीटर तक बहता चला गया। बाद में एक राहगीर ने उसे पानी में देखा, तब हादसे का पता चला। जानकारी के अनुसार, कार्तिक अपनी मां मधु और दिव्यांग नाना के साथ रजबाहे के किनारे बनी झुग्गी में रहता था। मधु पास के एक होटल में काम करती है। वह रोज काम पर चली जाती थी और पीछे से उसके दिव्यांग पिता बच्चे की देखभाल करते थे। मंगलवार को भी मधु काम पर गई हुई थी। इसी दौरान कार्तिक खेलते-खेलते रजबाहे के पास पहुंच गया और अचानक पानी में गिर गया। राजबाहे किनारे पर रहता है परिवार हादसे के बाद बच्चा पानी के बहाव के साथ करीब आधा किलोमीटर दूर तक बह गया। परिवार को काफी देर तक पता नहीं चला कि कार्तिक कहां है। इसी दौरान रजबाहे के किनारे से गुजर रहे एक राहगीर की नजर पानी में पड़े बच्चे पर पड़ी। उसने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने करीब आधे घंटे की कोशिश के बाद बच्चे को रजबाहे से बाहर निकाला। परिवार के लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मां मधु को जब बेटे की मौत का पता चला तो वह सदमे में आ गई। जिस मासूम को वह घर पर छोड़कर काम पर गई थी, वह उसे हमेशा के लिए छोड़ चुका था। रिश्तेदार अनिल मांझी ने बताया कि एक महिला ने रजबाहे में बच्चे को देखा था, जिसके बाद लोगों को हादसे की जानकारी मिली। होटल कर्मचारी लखविंदर सिंह ने बताया कि रजबाहे के किनारे कई परिवार झुग्गियों में रहते हैं और सुरक्षा के सही इंतजाम न होने के कारण यह हादसा हुआ।
Source link
खन्ना में डेढ़ साल का बच्चा रजबाहे में डूबा:आधा किलोमीटर तक बहता रहा, परिवार को पता नहीं चला; राहगीर ने देखा तो मौत हो चुकी थी
