![]()
खरगोन जिले में मेनगांव और सनावद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार रात लोहारी के पास जंगल में जुआ खेल रहे 13 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 2 लाख 56 हजार 500 रुपए नकद, करीब 1.50 लाख रुपए कीमत के 11 मोबाइल और करीब 8 लाख रुपए की 10 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मेनगांव थाने में जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। चार्जिंग बल्ब की रोशनी में लगा रहे थे दांव पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि लोहारी के पास जंगल में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापा मारा। यहां लोग चार्जिंग बल्ब की रोशनी में ताश के पत्तों से रुपए का दांव लगा रहे थे। अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ आरोपी भागे पुलिस टीम को देखते ही कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गए। हालांकि, पुलिस ने घेराबंदी कर 13 आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी मेनगांव खरगोन, लोहारी, बामखल, बरसलाय और भटियान क्षेत्र के रहने वाले हैं। 13 आरोपियों पर जुआ एक्ट में केस पकड़े गए आरोपियों में सोनू उर्फ सनोव्वर खान, मंसूर खान, अरुण पगारे, शुभम वर्मा, आसिफ खान, वसीम खान, निसार खान, बिलाल खान, गोपाल धनगर, मोहसिन खान, सलमान, अरबाज खान और इमरान शेख शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मेनगांव थाने में अपराध क्रमांक 229/26 दर्ज किया है। इनके खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत कार्रवाई की गई है।
Source link
खरगोन में जुआ खेलते 13 लोग गिरफ्तार:पुलिस ने 10 बाइक, 11 मोबाइल समेत 12 लाख का माल जब्त किया
