Headlines

खाद न मिलने पर किसानों ने हाईवे जाम किया:दमोह-जबलपुर मार्ग पर प्रदर्शन, एसडीएम ने आश्वासन देकर खुलवाया जाम




दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में गुरुवार सुबह खाद न मिलने से नाराज किसानों ने दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। यह प्रदर्शन सुबह शुरू हुआ और लगभग 11 बजे तक चला, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। तेंदूखेड़ा एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर किसानों को आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खोला गया। किसानों का आरोप था कि तेंदूखेड़ा में खाद उपलब्ध नहीं है, जबकि इसे दूसरे जिलों में भेजा जा रहा है। बैरागढ़ और करौंदी सहित आसपास के गांवों से आए किसानों ने बताया कि वे सुबह 4 बजे से खाद लेने के लिए लाइन में लगे थे। किसानों के अनुसार, सुबह 9 बजे जब गोदाम के कर्मचारी पहुंचे, तो उन्होंने बताया कि खाद उपलब्ध नहीं है। किसानों को इस बात की जानकारी नहीं दी गई थी कि खाद का स्टॉक एक दिन पहले ही खत्म हो चुका था। सैकड़ों की संख्या में किसान बिना सूचना के खाद लेने पहुंचे थे। खाद न मिलने की जानकारी मिलने पर किसानों ने एकजुट होकर गोदाम के बाहर मुख्य सड़क मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े रहे। बाद में, एसडीएम के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद ही प्रदर्शन समाप्त हुआ और जाम खुल सका। इसके बाद एसडीएम सीजी गोस्वामी किसानों के बीच पहुंचे उन्होंने आश्वासन दिया यदि खाद नहीं है तो आज सभी किसानों को टोकन उपलब्ध करा दिया जाएगा। टोकन में खाद मिलने की दिनांक भी लिख दी जाएगी। ताकि किसानों को परेशान ना होना पड़े। जिस दिनांक का टोकन मिलेगा उस दिनांक को किसान गोदाम पहुंचे उन्हें बिना किसी परेशानी के खाद उपलब्ध करा दी जाएगी। एसडीएम के आश्वासन पर किसान मान गए और उन्होंने सड़क से जाम हटा दिया। जिससे कुछ देर बाद यातायात सुचारू रूप से चालू हो गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *