Headlines

गयाजी जंक्शन पर 23.396 किलो पॉपी हस्क बरामद:चतरा से लाई जा रही थी खेप, पटना ले जाने की तैयारी थी; 2 युवक अरेस्ट




गयाजी जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन नारकोश के तहत 23.396 किलो पॉपी हस्क पाउडर बरामद किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 50 हजार 940 रुपए है। मामले से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। खास बात यह कि बीते एक सप्ताह अंदर यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी बनारसी यादव ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी प्लेटफॉर्म नंबर 1B के दिल्ली छोर पर संदिग्ध हालत में बैठे थे। दोनों के कंधे पर पिट्ठू बैग थे। सुरक्षा टीम को शक हुआ तो दोनों से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने बैग में पॉपी हस्क होने की बात बताई। इसके बाद मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। जानकारी मिलने पर सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली गई। बैग से पारदर्शी सफेद प्लास्टिक की थैलियों में रखा मादक पदार्थ मिला। कुल चार पैकेट बरामद किए गए। दोनों युवकों के पास दो-दो पैकेट थे। खेप पटना ले जाने की तैयारी थी गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुजीत कुमार (23) और अभिषेक कुमार यादव (24) के रूप में हुई है। सुजीत समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के कुसैया गांव का रहने वाला है। वहीं अभिषेक छपरा जिले के मसरख थाना क्षेत्र के विशुनपुरा का रहने वाला है। पूछताछ में बताया कि चतरा(झारखंड) से पॉपी हस्क लेकर पटना जाने वाले थे। इसके लिए सड़क मार्ग से गयाजी स्टेशन पहुंचे थे। यहां से ट्रेन पकड़कर पटना जाने की तैयारी थी। इससे पहले ही सुरक्षा टीम के हत्थे चढ़ गए। पितृपक्ष मेले को लेकर अलर्ट मोड में रेल पुलिस कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट गयाजी, सीपीडीएस टीम और जीआरपी के जवान शामिल थे। पितृपक्ष मेले को देखते हुए जंक्शन पर इन दिनों आपराधिक गतिविधियों की निगरानी बढ़ाई गई है। इसी दौरान टीम को दोनों युवकों पर शक हुआ। आरपीएफ की ओर से आगे की कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत जीआरपी को दी गई। इसके आधार पर जीआरपी थाना में कांड संख्या 237/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c), 15(b) और 29 के तहत केस दर्ज किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *