![]()
संभल में राधाष्टमी का पर्व शनिवार-रविवार की आधी रात 1 बजे तक धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान मंदिरों में भजन-कीर्तन हुए, जिसमें श्रद्धालु राधा रानी की भक्ति में डूबकर झूमते नजर आए। संभल के भजन गायक अग्रवाल बंधु और अन्य कलाकारों ने भजनों की अमृत वर्षा की। शहर के अधिकतर मंदिरों में गणपति बप्पा के पूजन के साथ राधा रानी सरकार का भजन कीर्तन किया गया। मान्यता के अनुसार, राधाष्टमी के कार्यक्रम में पंचामृत, मेवा की बर्फी और कढ़ी चावल का भोग लगाकर भक्तों में बांटा गया। मोहल्ला कोट पूर्वी के प्रसिद्ध रहटवाला मंदिर में संभल के मशहूर अग्रवाल बंधु अतुल और शशांक ने अपने भजनों की प्रस्तुति दी। श्री सनातन धर्म पंजाबी मंदिर, मोहल्ला ठेर के शिव मंदिर और मढ़ैया मंदिर सहित थाना हयातनगर कस्बा और चंदौसी शहर में भी राधाष्टमी का उत्सव जोश के साथ मनाया गया। दो विजुअल देखिए श्री सनातन धर्म पंजाबी मंदिर में काशीपुर से आए कलाकार ने भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं, शुक्ला आर्ट ग्रुप ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा रानी और अन्य देवी-देवताओं की झांकियां निकालीं। ‘कान्हा की दीवानी बन जाऊंगी’, ‘मैं जहां भी रहूं मुझे राधा मिले’, ‘श्री राधे श्री राधे श्री राधे’ और ‘वृंदावन का कण-कण बोले श्री राधा-राधा’ जैसे प्रमुख भजनों पर भक्त झूम उठे। मुदिता गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम बहुत धूमधाम से मनाया गया। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि वे भारत के सभी लोगों को सद्बुद्धि दें और सनातन धर्म को आगे बढ़ाने में सब मिलकर काम करें। नीलम कंपनी ने कहा कि राधाष्टमी पर ऐसा लग रहा था जैसे बरसाना यहीं आ गया हो। नगर हिंदू सभा के अध्यक्ष कमलकांत तिवारी ने बताया कि राधाष्टमी के पर्व पर मान्यता के अनुसार कढ़ी चावल का भोग लगाया गया। गुलशन चाबा ने जानकारी दी कि श्री सनातन धर्म पंजाबी मंदिर में राधाष्टमी का यह कार्यक्रम पिछले 25 सालों से धूमधाम के साथ आयोजित हो रहा है। हिमांशु कश्यप ने काशीपुर के भजन गायक और शुक्ला आर्ट ग्रुप की रंगारंग झांकियों की तारीफ की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा नेता डॉ. अरविंद गुप्ता, यशराज भंडूला, अनुराग गुप्ता, नितिन गुप्ता, नवीन अग्रवाल ठेकेदार, अनुराग रस्तोगी, अंकित गुप्ता, राजीव अग्रवाल, दिनेश कुमार, बबलू, रोचक गुप्ता राजीव गुप्ता, मनीष गुप्ता ललित पांडेय, शिल्पी अग्रवाल, माधुरी, पुष्पा कुमारी, सोनिया, नम्रता अग्रवाल आदि मौजूद रहें।
Source link
संभल में धूमधाम से मनी राधाष्टमी:मंदिरों में आधी रात तक होते रहे भजन, केक काटकर महाआरती भी हुई
