![]()
गाजीपुर में कासिमाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। कासिमाबाद और नोनहरा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 22 वर्षीय इमरान उर्फ भोंदू पुत्र इरसाद, निवासी भटोली थाना नोनहरा, पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, नियमित वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी बिना नंबर की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक लेकर भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया तो कागजीपुर के पास तेज मोड़ पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बाद आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर 315 बोर के तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें इमरान के बाएं पैर के घुटने के नीचे गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद भेज दिया। मौके से पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 3, 25 और 27 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इमरान उर्फ भोंदू एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ गाजीपुर तथा बलिया जनपद में पहले से कुल आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आबकारी अधिनियम, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अलावा मारपीट, धमकी और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी विस्तृत जांच की जा रही है।
Source link
गाजीपुर में पुलिस मुठभेड़, शातिर अपराधी गिरफ्तार:फायरिंग के बाद इमरान उर्फ भोंदू के पैर में लगी गोली
