Headlines

पलनवा थाना के ड्राइवर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत:मोतिहारी में थाना परिसर की छत से गिरे, परिजन बोले-8 महीने से नहीं मिला था वेतन




मोतिहारी के पलनवा थाना में कार्यरत ड्राइवर राजकुमार शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। राजकुमार शर्मा पिछले लगभग आठ माह से थाना की सरकारी गाड़ी के चालक के रूप में कार्यरत थे। सोमवार की देर रात वह अचानक थाना परिसर की छत से गिर गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग थाना पहुंचे और मामले को लेकर शंका जाहिर की। SDPO ने जांच के लिए FSL टीम को बुलाया घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद को मौके पर भेजा। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक जांच टीम का गठन किया गया है। एसडीपीओ ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू करवाई, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। 8 माह से वेतन नहीं मिलने पर थे परेशान इधर, मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि राजकुमार शर्मा को पिछले आठ महीनों से वेतन नहीं मिल रहा था, जिसके कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान थे। परिजनों का आरोप है कि वेतन न मिलने की वजह से वह अवसाद में थे और संभवतः इसी कारण उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि, परिजनों ने किसी साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही जांच टीम गठित कर दी गई है और हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि एफएसएल की मदद से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए गहराई से जांच में जुटी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *