Headlines

गिरिडीह पॉम ऑयल चोरी, तीन गिरफ्तार:अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य, पिकअप और 10 टिन पॉम ऑयल बरामद




गिरिडीह पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह शंकरचक स्थित पॉम ऑयल गोदाम से 21-22 जुलाई 2026 की रात हुई 246 टिन पॉम ऑयल की चोरी का खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, 10 टिन प्राइम गोल्ड ब्रांड पॉम ऑयल और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। यह चोरी मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 206/2026 के तहत दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस गिरोह का पर्दाफाश किया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान झरियागादी निवासी गोलू कुमार उर्फ गोलू यादव, रूपेश कुमार यादव और कृष्णा यादव के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान तीनों ने स्वीकार किया कि वे पिछले दो-तीन वर्षों से गिरिडीह शहर और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में कई चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। उन्होंने दिसंबर 2024 और मई 2026 में भी इसी शंकरचक स्थित पॉम ऑयल गोदाम से चोरी करने की बात कबूली है। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की संलिप्तता मुफ्फसिल थाना में वर्ष 2024 और 2026 में दर्ज तीन अन्य चोरी के मामलों में भी सामने आई है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और अन्य मामलों में भी इनकी भूमिका की जांच जारी है। इस सफल कार्रवाई में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित थाना के पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा, सशस्त्र बल और चौकीदारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गिरिडीह पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे चोरी, लूट और छिनतई जैसी घटनाओं की रोकथाम में सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा डायल-112 पर देने का आग्रह किया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *