Headlines

गिरिडीह में ईद-ए-मिलाद-उन्नबी पर हादसा:घर की छत पर लगा रहा झंडा हाई वोल्टेज तार से सटा, युवक अस्पताल में मृत घोषित




गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नीचे पहाड़ीडीह गांव में ईद-ए-मिलाद-उन्नबी पर्व की तैयारी के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर झंडा लगाने गये 19 वर्षीय युवक सब्बीर अंसारी की हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सब्बीर अपने घर की छत पर पर्व के लिए झंडा लगाने गया था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में वह आ गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर छत पर गिर पड़ा। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल युवक को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित किया करंट लगने की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में सब्बीर को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसकी जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद सब्बीर को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग सदमे में आ गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी सदर अस्पताल पहुंच गए। अचानक हुए इस हादसे से पूरे गांव में मातम का माहौल है। पर्व की तैयारी में जुटे परिवार पर युवक की मौत से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक साल पहले हुई थी शादी, पत्नी गर्भवती सब्बीर अंसारी की शादी करीब एक वर्ष पूर्व ही हुई थी। बताया गया है कि उसकी पत्नी गर्भवती है। ऐसे समय में युवक की असामयिक मौत से परिवार की मुश्किलें और बढ़ गयी हैं। पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर मिलने के बाद गांव के लोग भी परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सब्बीर पर्व को लेकर घर की छत पर झंडा लगाने गया था, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि छत के ऊपर से गुजर रहा हाई वोल्टेज बिजली का तार उसकी जान के लिए खतरा बन सकता है। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से उसकी जान चली गयी। हाई वोल्टेज तारों की जांच की मांग स्थानीय लोगों ने बताया कि नीचे पहाड़ीडीह में घरों की छत के ऊपर से हाई वोल्टेज बिजली का तार गुजर रहा है। ग्रामीणों ने इस व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए संबंधित बिजली विभाग से आबादी वाले इलाकों में घरों के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तारों का निरीक्षण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे स्थानों पर बिजली तारों की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों की जांच जरूरी है, ताकि लोग अनजाने में इनके संपर्क में न आएं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने और खतरनाक स्थिति वाले तारों को सुरक्षित करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *