Headlines

गिरिडीह में दो युवकों का अपहरण, 50 हजार फिरौती मांगी:पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर सकुशल बचाया, दो आरोपी गिरफ्तार




गिरिडीह पुलिस ने गांडेय थाना क्षेत्र में दो युवकों के अपहरण और 50 हजार रुपए की फिरौती मांगने के मामले का त्वरित खुलासा किया है। पुलिस ने दोनों अपहृत युवकों को सकुशल बरामद कर लिया है और इस मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने दी। एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने बताया कि एसपी डॉ. बिमल कुमार को सूचना मिली थी कि चरकमारा निवासी मोहन दास के भाई धर्मवीर कुमार दास और तेजो रविदास के पुत्र नीतेश कुमार दास का चरकमारा जंगल के पास से कुछ अपराधियों ने अपहरण कर लिया है। अपराधियों ने दोनों को छोड़ने के एवज में 50 हजार रुपए की फिरौती मांगी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने अपहृतों की सकुशल बरामदगी के लिए सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हरसिंह रायडीह गांव स्थित उसरी नदी श्मशान घाट के पास छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों अपहृत युवकों को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही, मामले के प्राथमिकी अभियुक्त मो. रिजवान अंसारी (पिता मो. मुनीर अंसारी) और मो. अफसर अंसारी (पिता मो. अख्तर अंसारी), दोनों निवासी डाड़ीडीह, थाना मुफ्फसिल को गिरफ्तार कर लिया गया। एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने बताया कि इस मामले में गांडेय थाना में कांड संख्या 45/26, दिनांक 13 अगस्त 2026 को बीएनएस की धारा 115(2), 118(1), 127(2), 140(1) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और अपहरण के कारणों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो बाइक, जेएसए कंपनी का नीले रंग का ई-रिक्शा और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। छापेमारी टीम में सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव, गांडेय अंचल पुलिस निरीक्षक कमलेश पासवान, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह सहित मुफ्फसिल एवं गांडेय थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। मामले में पुलिस की अग्रतर कार्रवाई जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *