![]()
गुरदासपुर के हरदोचन्नी रोड बाईपास स्थित ‘जलवा हवेली’ के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक मारुति S-Cross और महिंद्रा स्कॉर्पियो के बीच हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों (जलवा हवेली के मालिक जोबन जलवा और स्थानीय दुकानदार बाबा जी) के अनुसार, दोनों गाड़ियाँ बेहद तेज रफ्तार में आ रही थीं। हरदोचन्नी रोड के बाईपास चौराहे के पास जैसे ही गाड़ियों ने मोड़ लिया, वे आपस में ज़ोरदार तरीके से टकरा गईं। टक्कर इतनी भयंकर थी कि स्कॉर्पियो चालक ने गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो दिया और बेकाबू स्कॉर्पियो सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। दो छोटे बच्चों के पिता थे मृतक सतवंत सिंह पेड़ से हुई भीषण टक्कर में स्कॉर्पियो चला रहे नवी कथियाली निवासी 35 वर्षीय सतवंत सिंह उर्फ बाऊ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, मृतक सतवंत सिंह अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, दूसरी कार (S-Cross) में सवार दो अन्य युवक भी इस हादसे में घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शुरू की मामले की जांच हादसे की सूचना मिलते ही थाना सदर के इंचार्ज अमनदीप सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर हादसे के सटीक कारणों और लापरवाही की जांच की जा रही है।
Source link
गुरदासपुर में दो कारों की टक्कर, एक युवक की मौत:हरदोचन्नी रोड बाईपास पर हुआ हादसा, दो घायल; CCTV फुटेज भी सामने आया
