![]()
गुरुग्राम में वजीरपुर गांव स्थित एक लॉजिस्टिक्स कंपनी के परिसर में अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थ के स्टॉक के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक यक्ष तेवतिया की शिकायत पर ये कार्रवाई की गई है। थाना सेक्टर-10 पुलिस ने फास्ट सॉल्यूशन लॉजिस्टिक्स कंपनी के मालिक रमेश कुमार तथा कर्मचारियों नवीन और जयवीर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7-10-55 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार खाद्य एवं पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम को वजीरपुर के पास पटौदी रोड स्थित फास्ट सॉल्यूशन लॉजिस्टिक्स के परिसर में ज्वलनशील पदार्थ के अवैध स्टॉक की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो वहां खड़े वाहनों में तेल भरा हुआ पाया गया। 17 हजार लीटर मिला जांच के दौरान दो गाड़ियों में बनाए गए विशेष टैंकों में लगभग 17 हजार लीटर ज्वलनशील तेल मिला। इनमें से एक गाड़ी नंबर HR 61 A 6088 में नोजल पंप लगा था, जबकि दूसरी गाड़ी नंबर NL 01 N 7972 में पाइप के साथ मोटर लगी मिली। इसके अतिरिक्त एक और गाड़ी नंबर RJ 52 GB 0033 का एक तेल टैंकर भी मौके पर मौजूद था। परमिशन का कोई डॉक्यूमेंट नहीं मिला कर्मचारियों से इसके स्टॉक से संबंधित दस्तावेज और परमिट मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। शिकायत में बताया गया है कि यह भंडारण बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के किया जा रहा था।अधिकारियों ने तीनों वाहनों से पदार्थ के नमूने लिए और उन्हें सील कर दिया। अधिकारियों ने जब गाड़ी नंबर RJ 52 GB 0033 के टैंकर का नाप किया तो उसमें 18,845 किलोग्राम तेल मिला, जबकि ई-वे बिल में इसकी मात्रा 27,825 किलोग्राम दर्ज थी, जो एक बड़ा अंतर दर्शाता है। नमूनों की जांच रिपोर्ट के बाद, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक ने पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब कंपनी के दस्तावेजों, वाहनों में मिले पदार्थ, सैंपल रिपोर्ट और संबंधित लोगों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है।
Source link
गुरुग्राम में लॉजिस्टिक्स कंपनी पर छापा:फूड-सप्लाई विभाग ने वजीरपुर में की कार्रवाई, तीन वाहनों से हजारों लीटर ज्वलनशील पदार्थ बरामद
