![]()
गुरुग्राम के सिरहौल गांव स्थित श्मशान स्थल पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां मिट्टी का एक संदिग्ध ढेर देखा गया। मिट्टी के इस ऊंचे ढेर को देखकर ग्रामीणों ने किसी शव के अवैध रूप से दफन होने की आशंका जताई। सूचना मिलते ही सेक्टर-17/18 थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू की। ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार सुबह जब कुछ लोग श्मशान भूमि पहुंचे, तो उनकी नजर पेड़ों की टहनियों और पत्तों से ढके मिट्टी के एक ऊंचे ढेर पर पड़ी। स्थिति संदिग्ध लगने पर उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। इस बीच, श्मशान घाट पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर शुरुआती जांच की, तो मिट्टी के ढेर के पास से एक जोड़ी जूते और सिक्योरिटी गार्ड जैसी दिखने वाली वर्दी बरामद हुई। इन चीजों के मिलने से ग्रामीणों का शक और गहरा गया और इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई खुदाई, नहीं मिला कोई शव मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत स्थानीय मजिस्ट्रेट को मौके पर बुलाया। कानून-व्यवस्था और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया कि मजिस्ट्रेट की देखरेख में ही संदिग्ध स्थल की खुदाई की जाएगी।इसके बाद, मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पुलिस ने मिट्टी के ढेर को हटवाया और गहराई से खुदाई करवाई। हालांकि, पूरी प्रक्रिया के बाद वहां से कोई शव या अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। माहौल बिगाड़ने की साजिश की आशंका, जांच जारी खुदाई में कुछ न मिलने के बाद पुलिस ने अंदेशा जताया है कि किसी शरारती या असामाजिक तत्व ने जानबूझकर इलाके का माहौल खराब करने और सनसनी फैलाने के उद्देश्य से इस हरकत को अंजाम दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके से बरामद जूते और वर्दी को कब्जे में ले लिया गया है और श्मशान घाट में इस तरह मिट्टी का ढेर लगाने वाले आरोपियों की तलाश के लिए गहन जांच की जा रही है।
Source link
गुरुग्राम में श्मशान में मिट्टी का ढेर मिलने से हड़कंप:टहनियों से ढका था, पास में मिले जूते और वर्दी, माहौल बिगाड़ने की साजिश की आशंका
