![]()
इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर देश और चंडीगढ़ का नाम रोशन करने वाली बॉक्सर प्रियंका का शिव एंड सक्सेस बॉक्सिंग अकादमी में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उनकी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर पूर्व मुक्केबाज़ और वर्तमान में न्यूजीलैंड में सफल व्यवसायी करणवीर सिंह ने अपने परिवार की ओर से प्रियंका को एक लाख रुपए का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। समारोह में शहर के सीनियर डिप्टी मेयर जसमनप्रीत सिंह ने प्रियंका को मेडल पहनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पीवाईएसए मोहाली टीम भी विशेष रूप से मौजूद रही। अकादमी ने करणवीर सिंह व उनके परिवार, सीनियर डिप्टी मेयर जसमनप्रीत सिंह और पीवाईएसए मोहाली टीम का सम्मान और प्रोत्साहन के लिए आभार जताया। एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन प्रियंका ने हाल ही में इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता था। इस उपलब्धि के साथ उनके करियर में अब तक जीते गए पदकों की संख्या 14 हो गई है। सेमीफाइनल में उन्होंने कजाकिस्तान की खिलाड़ी को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। खिताबी मुकाबले में उनका सामना उज्बेकिस्तान की खिलाड़ी से हुआ, जहां कड़े मुकाबले में वह 4-1 के फैसले से स्वर्ण पदक से चूक गईं और रजत पदक अपने नाम किया। इससे पहले भी प्रियंका कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक हासिल किए हैं। एशियाई चैंपियनशिप का यह रजत पदक उनके करियर का अब तक का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय सम्मान माना जा रहा है। लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर वह भारतीय महिला मुक्केबाजी की उभरती हुई खिलाड़ियों में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी हैं। कोच को दिया सफलता का श्रेय प्रियंका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच दविंदर नेगी को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और तकनीकी प्रशिक्षण की बदौलत ही वह इस मुकाम तक पहुंची हैं। उनका लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना था, लेकिन अब अगली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश, चंडीगढ़ और अपनी अकादमी का नाम रोशन करना है। कोच दविंदर नेगी ने कहा कि रजत पदक भी बड़ी उपलब्धि है, लेकिन टीम का लक्ष्य स्वर्ण पदक था। उन्हें पूरा विश्वास है कि प्रियंका अगली प्रतियोगिता में और बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतेंगी।
Source link
चंडीगढ़-एशियन रजत विजेता प्रियंका को एक लाख का सम्मान:एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, कोच को दिया सफलता का श्रेय
