![]()
चंडीगढ़ में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बदमाश बिना किसी डर के चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला मनीमाजरा की इंदिरा कॉलोनी का है, जहां एक अर्धनग्न चोर अपने दो साथियों के साथ मिलकर घर के बाहर खड़ा एक इलेक्ट्रिक ऑटो चोरी कर ले गया। हालांकि करीब चार घंटे बाद चोर ऑटो को कुछ दूरी पर एक स्कूल के पास छोड़कर फरार हो गए। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, लेकिन फुटेज मिलने के बावजूद पुलिस अभी तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। पीड़ित कमल वर्मा ने बताया कि यह इलेक्ट्रिक ऑटो उनका है। रोजाना की तरह उन्होंने दिनभर काम करने के बाद शाम को ऑटो अपने घर के बाहर खड़ा कर दिया था। रात को परिवार के सभी सदस्य सो गए। देर रात करीब एक बजे उनके चाचा संजीव वर्मा बालकनी में पहुंचे तो देखा कि घर के सामने खड़ा ऑटो गायब था। उन्होंने तुरंत कमल वर्मा को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन ऑटो का कोई पता नहीं चला। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सुबह स्कूल के पास मिला ऑटो कमल वर्मा ने बताया कि रात को ऑटो चोरी होने के बाद परिवार ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सुबह करीब 5 बजे उनके चाचा संजीव वर्मा किसी काम से घर से बाहर निकले। जब वह इंदिरा कॉलोनी से कुछ दूरी पर एक स्कूल के पास पहुंचे तो वहां उनका ऑटो खड़ा दिखाई दिया। ऑटो वहीं लावारिस हालत में खड़ा था और उसके आसपास कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके बाद उन्होंने तुरंत कमल वर्मा और परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी। परिवार मौके पर पहुंचा और ऑटो को वापस घर ले आया। घर पहुंचने के बाद उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज देखने पर पता चला कि देर रात तीन युवक ऑटो चोरी कर ले गए थे। इसके बाद परिवार ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अब पढ़ें पूरा मामला:- रात को घर के बाहर खड़ा किया था ऑटो: पीड़ित कमल वर्मा ने बताया कि वह इलेक्ट्रिक ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं। रोजाना की तरह काम खत्म करने के बाद उन्होंने रात को अपना ई-ऑटो मनीमाजरा स्थित इंदिरा कॉलोनी में घर के बाहर खड़ा कर दिया। इसके बाद वह परिवार के साथ सो गए। उन्हें बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि देर रात चोर उनके ऑटो को निशाना बना लेंगे। रात एक बजे चाचा ने देखा तो ऑटो गायब था: कमल वर्मा ने बताया कि देर रात करीब 1 बजे उनके चाचा संजीव वर्मा किसी काम से बालकनी में गए। इस दौरान उनकी नजर घर के बाहर पड़ी तो वहां खड़ा ऑटो दिखाई नहीं दिया। उन्होंने तुरंत कमल वर्मा को इसकी जानकारी दी। परिवार के सभी लोग बाहर आए और आसपास काफी देर तक ऑटो की तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सुबह स्कूल के पास लावारिस मिला ऑटो: पूरी रात तलाश के बावजूद ऑटो नहीं मिला। सुबह करीब 5 बजे संजीव वर्मा दोबारा घर से बाहर निकले तो घर से कुछ दूरी पर एक स्कूल के पास उनका ऑटो लावारिस हालत में खड़ा मिला। ऑटो के आसपास कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। उन्होंने तुरंत कमल वर्मा को सूचना दी, जिसके बाद परिवार ऑटो को वापस घर ले आया। सीसीटीवी फुटेज देखने पर खुला चोरी का राज: ऑटो मिलने के बाद परिवार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में दिखाई दिया कि सबसे पहले एक युवक, जिसने सिर्फ निकर पहनी हुई थी और चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था, ऑटो के पास पहुंचा। वह सीधे ऑटो में बैठ गया और कुछ ही सेकंड में ऑटो स्टार्ट कर दिया। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसके पास ऑटो की डुप्लीकेट चाबी थी या उसे ऑटो स्टार्ट करने का तरीका पहले से पता था। दो साथी पहुंचे, फिर ऑटो लेकर हुए फरार: फुटेज में कुछ देर बाद दो अन्य युवक भी मौके पर आते दिखाई देते हैं। तीनों पहले आसपास देखते हैं कि कोई उन्हें देख तो नहीं रहा। इसके बाद वे आराम से ऑटो लेकर वहां से निकल जाते हैं। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है और तीनों आरोपियों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। चार घंटे बाद स्कूल के पास छोड़कर भागे: परिवार के मुताबिक, चोर करीब चार घंटे तक ऑटो अपने साथ लेकर घूमते रहे। इसके बाद उन्होंने घर से कुछ दूरी पर एक स्कूल के पास ऑटो छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि आरोपी ऑटो को बीच रास्ते में छोड़कर क्यों चले गए। सीसीटीवी मिलने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली: कमल वर्मा ने बताया कि उन्होंने चोरी की पूरी सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है। फुटेज में आरोपियों के हुलिए और पूरी वारदात साफ दिखाई दे रही है। इसके बावजूद पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
Source link
चंडीगढ़ में अर्धनग्न चोर साथियों संग ऑटो चुराकर फरार:4 घंटे बाद स्कूल के पास मिला, वारदात सीसीटीवी में कैद, पुलिस अब तक खाली हाथ
