Headlines

चंडीगढ़ में फर्जी IPS बनकर PhD छात्रा ठगी:मैट्रिमोनियल साइट से दोस्ती, परिवार से मिल शादी फाइनल की; मां को बीमार बताकर ₹30 लाख लेकर भागा




चंडीगढ़ में मैट्रिमोनियल साइट पर शादी के लिए रिश्ता तलाश रही PhD छात्रा को युवक ने खुद को IPS अधिकारी बताकर लूट लिया। IPS की वर्दी वाली फोटो से शुरू हुई पहचान परिवार तक पहुंची और शादी की बात भी आगे बढ़ गई। इसके बाद आरोपी ने युवती को अपनी मां की फर्जी बीमारी की कहानी सुनाकर लूटना शुरू कर दिया। बताया कि उसके पिता मां का सम्मान नहीं करते थे और उसे परेशान करते थे। इसके चलते उसकी मां बीमार रहती थी। आरोपी ने युवती से पैसों की जरूरत बताई और धीरे-धीरे उससे करीब 30 लाख रुपए, 6-7 तोले सोना, लैपटॉप समेत अन्य सामान ले लिया। पुलिस के मुताबिक 29 साल की युवती मूल रूप से पंचकूला की रहने वाली है। वह पढ़ाई के लिए सेक्टर-20 चंडीगढ़ में रह रही थी और PhD कर रही है। परिवार उसकी शादी के लिए रिश्ता तलाश रहा था। इसके लिए परिवार ने ही मैट्रिमोनियल साइट शादी डॉट कॉम पर युवती का पूरा प्रोफाइल बनाया था, लेकिन इसे युवती ही चलाती थी। आरोपी ने इसी प्रोफाइल को देखकर उसे रिक्वेस्ट भेजी थी। मामला तब खुला, जब आरोपी के कहने पर छात्रा के नाम खुलवाए गए बैंक खाते में संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आए। सेक्टर-19 थाना पुलिस ने आरोपी को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार किया है। परिवार से मिला, रोहतक का रहने वाला और IPS अफसर बताया मैट्रिमोनियल साइट पर दोस्ती के बाद आरोपी अमित और युवती की बातचीत आगे बढ़ी। अमित ने खुद को रोहतक का रहने वाला बताया। उसने एक स्पेशल बैच का IPS अधिकारी होने का दावा किया। बाद में युवती को बताया कि वह दिल्ली के टैक्सेशन विभाग में कमिश्नर है। खुद को RAW एजेंट बताते हुए उसने कहा कि सुरक्षा कारणों से वह अपने नाम पर बैंक अकाउंट नहीं खुलवा सकता। आरोपी परिवार से भी मिला। भरोसा बढ़ा तो शादी की बात भी आगे बढ़ने लगी और दोनों की मुलाकातें लगातार होने लगीं। शादी से पहले भरोसा बढ़ाया, फिर मां की बीमारी की कहानी सुनाई इंस्पेक्टर सरिता राय के मुताबिक आरोपी ने युवती को अपनी मां की बीमारी की कहानी बताई। उसने कहा कि उसके पिता मां का सम्मान नहीं करते थे और उन्हें परेशान करते थे। इसी वजह से मां बीमार रहती थी। इसके बाद आरोपी ने इलाज और दूसरी जरूरतों के लिए पैसों की जरूरत बतानी शुरू की। शादी की बात चलने के कारण युवती और परिवार ने उसकी बातों पर भरोसा किया। कभी पैसे, कभी गहने; करीब ₹30 लाख लूटे पुलिस के अनुसार आरोपी ने अलग-अलग मौकों पर युवती से रकम और सामान लिया। इसमें करीब ₹11.50 लाख नकद, 6-7 तोले सोने के गहने और लैपटॉप शामिल हैं। इसके अलावा भी अलग-अलग समय पर पैसे लिए गए। पुलिस के मुताबिक कुल रकम करीब ₹30 लाख तक पहुंच गई। आरोपी ने हरियाणा सरकार में अपनी ऊंची पहुंच बताकर युवती को सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा भी दिया। RAW एजेंट की कहानी सुनाकर युवती के नाम खुलवाया बैंक खाता इसके बाद आरोपी ने बैंक अकाउंट को लेकर नई कहानी बताई। उसने कहा कि RAW एजेंट होने के कारण वह सुरक्षा वजहों से अपने नाम पर खाता नहीं खुलवा सकता। इसके बाद युवती के दस्तावेजों से उसके नाम पर बैंक अकाउंट खुलवाया गया। पुलिस के मुताबिक अकाउंट की पासबुक, ATM कार्ड और युवती के नाम का नया सिम आरोपी ने अपने पास रख लिया। वह खुद सिम इस्तेमाल करता था और खाते से जुड़े ट्रांजेक्शन की जानकारी भी उसके पास रहती थी। बैंक ने संदिग्ध ट्रांजेक्शन देख खाता फ्रीज किया करीब दो महीने पहले बैंक ने खाते में संदिग्ध लेनदेन होने पर उसे फ्रीज कर दिया। बैंक मैनेजर ने युवती से संपर्क कर खाते में हो रहे ट्रांजेक्शन की जानकारी दी। युवती के लिए यह बात चौंकाने वाली थी, क्योंकि उसके नाम के खाते का इस्तेमाल आरोपी कर रहा था। इसी दौरान आरोपी उसके पास पहुंचा और बोला कि खाता दोबारा खुलवाने के लिए उसके साथ बैंक चलना होगा। बैंक से मिली जानकारी के बाद युवती को उस पर शक हो गया। पैसे और सामान मांगे तो फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी शक होने के बाद युवती ने आरोपी से अपने पैसे, गहने और सामान वापस मांगे। पुलिस के मुताबिक उसने करीब ₹11.50 लाख नकद, सोना और अन्य सामान लौटाने को कहा। इसके बाद आरोपी ने सामान वापस करने के बजाय युवती को धमकाना शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। परेशान होकर युवती ने सेक्टर-19 थाना पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। रोहतक से गिरफ्तारी, फर्जी पहचान के दावों की जांच सेक्टर-19 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सरिता राय ने बताया कि आरोपी अमित कुमार को रोहतक से गिरफ्तार कर लिया गया है। अब पुलिस उसके IPS अधिकारी, RAW एजेंट और दिल्ली टैक्सेशन विभाग के कमिश्नर होने के दावों की जांच कर रही है। साथ ही युवती से लिए गए पैसे, गहने और अन्य सामान की जानकारी जुटाई जा रही है। बैंक खाते के इस्तेमाल और उससे हुए संदिग्ध लेनदेन का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस ने इसी के साथ आरोपी का मोबाइल कब्जे में लिया और फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया। मोबाइल में मौजूद चैट, फोटो, वीडियो और दूसरे डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *