Headlines

चंडीगढ़ से पटना-वाराणसी के लिए 2 विशेष ट्रेनें:1 अक्टूबर से नवंबर के अंत तक चलेगी; दिवाली-छठ पर बिहार-यूपी जाने वालों को राहत




त्योहारी सीजन में बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। दशहरा, दिवाली और छठ के दौरान लंबी दूरी की नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने चंडीगढ़ से दो विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इनमें चंडीगढ़-पटना जंक्शन-चंडीगढ़ विशेष एक्सप्रेस और चंडीगढ़-वाराणसी जंक्शन विशेष एक्सप्रेस शामिल हैं। ये विशेष ट्रेनें अक्तूबर से नवंबर के अंत तक संचालित होंगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और नियमित ट्रेनों में भी भीड़ कम होगी।

पटना के लिए हर गुरुवार चलेगी विशेष ट्रेन: चंडीगढ़ से पटना जंक्शन के लिए चलने वाली विशेष ट्रेन 18 फेरे लगाएगी। ट्रेन नंबर 04512 चंडीगढ़-पटना जंक्शन विशेष एक्सप्रेस 1 अक्तूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चंडीगढ़ से संचालित होगी। यह ट्रेन चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से रात 11:35 बजे रवाना होगी। अगले दिन रात 9:15 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04511 पटना जंक्शन-चंडीगढ़ विशेष एक्सप्रेस 2 अक्तूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन पटना जंक्शन से रात 11:15 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 9:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव: चंडीगढ़ से पटना जाने वाली विशेष ट्रेन रास्ते में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन का ठहराव अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, आलमनगर, लखनऊ जंक्शन, सुल्तानपुर, वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर सहित अन्य निर्धारित स्टेशनों पर होगा। इस ट्रेन में यात्रियों की जरूरत के अनुसार अलग-अलग श्रेणी के कोच लगाए गए हैं। इसमें एसी थ्री टियर, एसी थ्री टियर इकॉनमी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच शामिल होंगे। वाराणसी के लिए कुल 36 फेरे लगाएगी ट्रेन चंडीगढ़ और वाराणसी के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन कुल 36 फेरे लगाएगी। ट्रेन नंबर 04227 वाराणसी जंक्शन-चंडीगढ़ विशेष एक्सप्रेस 1 अक्तूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार को संचालित होगी। यह ट्रेन वाराणसी जंक्शन से सुबह 11:05 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04228 चंडीगढ़-वाराणसी जंक्शन विशेष एक्सप्रेस 2 अक्तूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को चलेगी। यह ट्रेन चंडीगढ़ से सुबह 6 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 12:55 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी। वाराणसी ट्रेन में एसी से जनरल तक सभी श्रेणी के कोच चंडीगढ़-वाराणसी विशेष ट्रेन में यात्रियों के लिए एसी टू टियर, एसी थ्री टियर, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे। यह ट्रेन मां बेल्हा देवी धाम, प्रतापगढ़ जंक्शन, रायबरेली जंक्शन, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, रुड़की, सहारनपुर और अंबाला कैंट समेत प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट हो जाती है अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशंजीत सिंह ने बताया कि दीपावली और छठ के दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली नियमित ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट हो जाती है। इसी को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन करने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि दोनों विशेष ट्रेनों में टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। इन ट्रेनों के संचालन से दशहरा, दिवाली और छठ के दौरान बिहार तथा उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *