![]()
चूरू जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र द्वारा क्लस्टर विकास योजना के तहत वार्ड 53 स्थित रेगर मोहल्ला के बाबा रामदेव मंदिर परिसर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें फुटवियर क्लस्टर के 100 प्रशिक्षणार्थियों को टूल किट और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और चूरू विधायक हरलाल सहारण सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने संत शिरोमणि रविदास महाराज को याद किया। उन्होंने कहा कि करीब 650 साल पहले संत रविदास ने कर्म की प्रधानता और श्रम के सम्मान का संदेश दिया था, जो आज भी प्रासंगिक है। राठौड़ ने जोर दिया कि युवाओं में कौशल विकास हो और पारंपरिक उद्योग-धंधों का आधुनिकीकरण व नवीनीकरण हो। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। राठौड़ ने युवाओं से अपने हुनर को नए अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। चूरू विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि प्रशिक्षण और आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता से कारीगरों की कार्यक्षमता बढ़ेगी। इससे स्थानीय उद्योगों को एक नई पहचान मिलेगी। उन्होंने लाभार्थियों को अपने कौशल का बेहतर उपयोग कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान अतिथियों ने सामुदायिक भवन का शिलान्यास भी किया। उद्योग महाप्रबंधक ने जानकारी दी कि योजना के तहत चूरू फुटवियर क्लस्टर में अब तक 100 कारीगरों को दक्षता संवर्धन प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी 100 कारीगरों को कार्यक्रम में टूल किट और प्रमाण पत्र दिए गए, ताकि वे अपने कौशल को स्वरोजगार में बदल सकें। उन्होंने बताया कि भविष्य में इन 100 दस्तकारों में से 50 को डिजाइनिंग स्किल की ट्रेनिंग और 25 को तकनीकी संवर्द्धन की ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही, उन्हें लेदर फुटवियर के प्रसिद्ध बाजारों और इकाइयों का भ्रमण भी कराया जाएगा। इस अवसर पर वासुदेव चावला, चंद्राराम गुरी, सहायक आयुक्त उजाला, सांवरमल गहनोलिया और गजानंद खेड़ीवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
Source link
चूरू फुटवियर क्लस्टर: 100 प्रशिक्षणार्थियों को टूल किट वितरित:स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रमाण पत्र भी बांटे गए
